Water leaks in Vande Bharat Express: वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली से वाराणसी जा रहे यात्री उस समय हैरान रह गए जब ट्रेन की छत से पानी का जबरदस्त रिसाव होने लगा। यह वीडियो इंटरनेट पर नजर आ रहा है, जिससे उत्तर रेलवे को तीखे सवालों का सामना करना पड़ रहा है। वायरल वीडियो की शुरुआत एक यात्री द्वारा छत से पानी टपकने और सीटें भीगने का वीडियो बनाने से होती है। एक एक्स यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, वंदेभारत ट्रेन का हाल देखिए. यह ट्रेन दिल्ली-वाराणसी रूट पर चलती है। वंदे भारत की संख्या 22416 है।
रेलवे ने दिया ये जवाब
वीडियो आने के बाद उत्तर रेलवे के आधिकारिक हैंडल ने एक अपडेट साझा किया और रिसाव के पीछे की वजह पाइपों की अस्थायी रुकावट को बताया। इसने लिखा- पाइपों की अस्थायी रुकावट के कारण कोच में थोड़ा पानी का रिसाव देखा गया! ट्रेन में मौजूद स्टाफ ने इसे देखा और ठीक किया। इससे हुई असुविधा के लिए खेद है।
यूजर्स ने किए सवाल
2 जुलाई को साझा किए गए इस वीडियो को 23,000 से अधिक बार देखा गया है। सोशल मीडिया यूजर्स ने ट्रेनों के खराब प्रबंधन के लिए रेल मंत्रालय की आलोचना की। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा, "जब आप टिकट का पूरा पैसा चुकाएंगे तो रेलवे आपको एसी के साथ-साथ झरना भी देगा।" एक अन्य यूजर ने कहा, वंदे भारत के मानक औसत दर्जे के हैं।
पिछले महीने लखनऊ-हरिद्वार वंदे भारत एक्सप्रेस में भीड़भाड़ के बीच बेटिकट यात्रियों का एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में ट्रेन संख्या 22545 पर चढ़े यात्री सीट खोजने के लिए संघर्ष करते दिखे थे। इसका वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल हुआ था जिसके बाद रेलवे को सफाई देनी पड़ी थी।
