UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। इस बीच सपा ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। सपा की इस पहली सूची के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सवाल उठने लगे हैं कि क्या उम्मीदवारों के नामों का ऐलान सीट बंटवारे पर सहमति बनने से पहले किया गया है? क्या इससे कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन में कोई परेशानी आ सकती है? इन सवालों पर न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने को सीट बंटवारे की बातचीत की महज शुरुआत बताया है। साथ ही भरोसा जताया कि दोनों दलों के बीच बातचीत का सकारात्मक नतीजा निकलेगा और 2027 के चुनाव में एक मजबूत गठबंधन देखने को मिलेगा।
अजय राय बोले- बीजेपी 2024 के नतीजों से डरी हुई है
अजय राय ने कहा कि सपा और कांग्रेस दोनों दलों का नेतृत्व सीट बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहा है। दोनों पार्टियों की ओर से इसके लिए समितियां भी बनाई गई हैं। ये समितियां आपसी बातचीत से सीटों को लेकर कोई रास्ता निकाल लेंगी। उन्होंने दावा किया कि सपा और कांग्रेस के बीच बन रहे गठबंधन से बीजेपी परेशान है। अजय राय के मुताबिक, बीजेपी को डर है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जो नतीजे आए थे, 2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्ष उससे भी बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट की अवमानना में घिरे सीएम विजय
कांग्रेस को 26 सीटें मिलने की चर्चा पर क्या बोले?
दरअसल, खबरें हैं कि सीट बंटवारे की शुरुआती बातचीत में सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है। वहीं कांग्रेस की मांग करीब 120 सीटों की बताई जा रही है। हालांकि, अजय राय ने इस पर अभी कोई अंतिम फैसला होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित करना सिर्फ शुरुआत है। अभी बातचीत जारी है और किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि वाराणसी समेत उत्तर प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की स्थिति मजबूत है।
सपा ने इन पांच सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची में पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।
- बेहट से उमर अली खान
- सहारनपुर से आशु मलिक
- कैराना से नाहिद हसन
- अमरोहा से महबूब अली
- ललितपुर से ज्योति लोधी
अखिलेश यादव ने इससे पहले कांग्रेस से 26 प्राथमिकता वाली सीटों के अलावा दूसरी संभावित सीटों की पहचान करने को कहा था। उन्होंने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के तहत मजबूत और सर्वसम्मत उम्मीदवार उतारने पर जोर दिया है। उनका कहना है कि सीटों की संख्या से ज्यादा जरूरी उम्मीदवारों की जीतने की संभावना है।
2022 और 2024 में कैसा रहा सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन?
अगर पिछले चुनावों की बात करें तो 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। सपा ने 347 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 111 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस 399 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ दो सीटें जीत पाई थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियां INDIA गठबंधन के तहत साथ आईं। इस चुनाव में सपा ने उत्तर प्रदेश की 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और छह सीटों पर जीत दर्ज की।
अब 27 नवंबर की बैठक पर नजर
दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अगली बैठक 27 नवंबर को होने की संभावना है। ऐसे में सभी की नजर इस बैठक पर टिकी है। अब देखना होगा कि कांग्रेस और सपा के बीच सीटों को लेकर सहमति कब बनती है और 2027 के चुनाव के लिए गठबंधन का अंतिम फॉर्मूला क्या होता है।
