Dalai Lama News: केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के कार्यालय 'गादेन फोडरंग ट्रस्ट' (Gaden Phodrang Trust) को लुटियंस दिल्ली के बेहद वीआईपी इलाके में एक सरकारी बंगला आवंटित किया है। पीटीआई के मुताबिक, आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, यह बंगला पंडित रविशंकर शुक्ला लेन पर स्थित है, जिसे विदेश मंत्रालय (MEA) के विशेष अनुरोध पर आवंटित किया गया है।
कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया
हालांकि केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) की ओर से इस पर अभी कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों ने पुष्टि की है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान इस टाइप-7 बंगले का नवीनीकरण कराया गया है। नियमों के तहत, इस तरह के सरकारी आवास सामान्यतः तीन साल की अवधि के लिए हस्तांतरित किए जाते हैं, जिनमें आगे विस्तार का प्रावधान भी रहता है।
दिल्ली दौरों के लिए मिलेगा स्थायी आधार
14वें दलाई लामा का मुख्य निवास हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला (मैक्लोडगंज) में है, लेकिन राजधानी दिल्ली में अपने आधिकारिक दौरों और ट्रस्ट से जुड़ी गतिविधियों के संचालन के लिए अब उनके पास एक स्थायी केंद्र होगा। निर्वासित तिब्बती संसद के सदस्यों ने भारत सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे आध्यात्मिक गुरु और तिब्बती समुदाय के प्रति समर्थन का एक अहम संकेत बताया है।
क्या है गादेन फोडरंग ट्रस्ट और इसका महत्व?
'गादेन फोडरंग' मूल रूप से तिब्बत की राजधानी ल्हासा स्थित ड्रेपुंग मठ में दलाई लामा के निवास और ऐतिहासिक तिब्बती प्रशासनिक केंद्र का नाम रहा है। 1959 में तिब्बत से निर्वासित होकर भारत आने के बाद दलाई लामा ने धर्मशाला को अपना केंद्र बनाया। साल 2011 में जब 14वें दलाई लामा ने स्वेच्छा से अपनी राजनीतिक शक्तियां एक निर्वाचित तिब्बती नेतृत्व को सौंप दीं, तब उनके कार्यालय को धर्मशाला में एक निजी ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत किया गया था। स्वयं दलाई लामा इस ट्रस्ट के चेयरमैन हैं।
यह ट्रस्ट दलाई लामा की संस्था और उनके आध्यात्मिक कार्यों को संरक्षित रखने, मानवीय मूल्यों व अंतर-धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने, तिब्बती संस्कृति व पहचान की रक्षा करने, पर्यावरण संरक्षण और प्राचीन भारतीय ज्ञान की समझ को आगे बढ़ाने के लिए काम करता है। इसके अलावा, भविष्य में 14वें दलाई लामा के पुनर्जन्म (उत्तराधिकारी) की पहचान करने की प्रक्रिया में भी इस ट्रस्ट की भूमिका को बेहद निर्णायक माना जाता है।
