Jalandhar West Bypoll 2024: देश के 7 राज्यों की जिन 13 सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं उनमें पंजाब की जालंधर पश्चिम सीट भी शामिल है। यहां 10 जुलाई को मतदान होगा। करीब तीन महीने पहले जालंधर पश्चिम विधायक शीतल अंगुराल ने इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद इस सीट पर चुनाव हो रहा है। वह आप छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे जिससे इस प्रमुख दोआबा क्षेत्र में उपचुनाव कराना पड़ रहा है। मतदान 10 जुलाई को होगा जबकि नतीजे 13 जुलाई को घोषित होंगे।
अंगुराल ने भाजपा में शामिल होने के एक दिन बाद 28 मार्च को अपना इस्तीफा दे दिया था। स्पीकर द्वारा उनका इस्तीफा स्वीकार होते ही 34-जालंधर पश्चिम (एससी) विधानसभा क्षेत्र की सीट खाली हो गई थी। अंगुराल के इस्तीफे के साथ ही 117 सदस्यीय सदन में आप के निर्वाचित विधायकों की संख्या 92 से घटकर 91 हो गई थी।
आप ने लगाया पूरा जोर
जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को लुभाने के लिए सभी पार्टियों ने पूरा जोर लगाया है। जहां आप सीएम भगवंत मान के नेतृत्व में 12 रैलियां और 6 रोड शो आयोजित कर आक्रामक प्रचार किया वहीं कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने घर-घर जाकर प्रचार करने के साथ ही व्यक्तिगत संपर्क भी बनाया। सत्तारूढ़ आप हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनावों में सिर्फ तीन सीटें हासिल कर पाई थी। आप ने इस सीट को बरकरार रखना प्रतिष्ठा की लड़ाई बना लिया है।
भगवंत मान ने पार्टी उम्मीदवार मोहिंदर भगत के लिए सक्रिय रूप से प्रचार किया। उन्होंने मतदाताओं से वादा किया है कि वह दोआबा क्षेत्र के लोगों की शिकायतों को दूर करने के लिए प्रति सप्ताह 3-4 दिन यहां बिताएंगे, इसके अलावा भगत के जीतने पर उन्हें मंत्री पद देने का भी संकेत दिया है। कैबिनेट मंत्रियों और तीन सांसदों सहित पार्टी के लगभग सभी 85 विधायक भगत के लिए प्रचार करने के लिए जमीन पर मौजूद रहे।
कांग्रेस के चन्नी ने जीती लोकसभा सीट
दूसरी ओर, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अपने उम्मीदवार पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के जालंधर सीट पर आसान अंतर से जीत हासिल करने के बाद सोने पर सुहागा की उम्मीद कर रही है। चन्नी को इस निर्वाचन क्षेत्र से 1,557 वोटों की बढ़त मिली थी और यहां कांग्रेस की उम्मीदवार सुरिंदर कौर की जीत के लिए पूरा जोर लगाया है। सुरिंदर कौर सीनियर डिप्टी मेयर रह चुकी हैं और पांच बार नगर निगम पार्षद रह चुकी हैं।
भाजपा और अंगुराल की अग्निपरीक्षा
भाजपा के अंगुराल की जीत संसदीय चुनावों से पहले आप से नाता तोड़ने और भगवा पार्टी में शामिल होने के उनके फैसले को सही साबित करेगी। भाजपा में शामिल होने के एक दिन बाद उनके आप विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण उपचुनाव हो रहा है। निरहुआ के नाम से मशहूर भोजपुरी फिल्म स्टार दिनेश लाल यादव ने अंगुराल के पक्ष में एक सार्वजनिक रैली की, जबकि प्रसिद्ध हिंदी और पंजाबी अभिनेत्री प्रीति सप्रू ने इस निर्वाचन क्षेत्र में घर-घर जाकर बैठकें कीं। वही, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी शहर में डेरा डाला।
