Dehra Bypoll 2024: सीएम के लिए वोट करें, विधायक के लिए नहीं। यह नारा है मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी और देहरा विधानसभा सीट से चुनावी राजनीति में पदार्पण कर रही कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर का। हमीरपुर और नालागढ़ के अलावा देहरा उन तीन विधानसभा क्षेत्रों में से एक है जहां बुधवार 10 जुलाई को उपचुनाव हो रहे हैं। तीन निर्दलीय विधायकों - होशियार सिंह (देहरा), आशीष शर्मा (हमीरपुर) और केएल ठाकुर (नालागढ़) के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद ये सीटें खाली हुई थीं। इन्होंने 27 फरवरी 2024 को हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। 22 मार्च को सदन से इस्तीफा देने के बाद सीटें खाली हो गईं।
सीएम सुक्खू की पत्नी मैदान में
भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने तीनों पूर्व निर्दलीय विधायकों को उनकी अपनी जीती सीटों से मैदान में उतारा है। इनमें देहरा सीट सबसे खास बन गई है। वजह यह है कि देहरा सीट से सीएम सुखविंदर सिंह की प्तनी कमलेश ठाकुर मैदान में हैं। कमलेश ठाकुर ने प्रचार करते हुए लोगों से कहा, सीएम को वोट दें, विधायक को नहीं। अब, देहरा भी सीएम का निर्वाचन क्षेत्र बन जाएगा। देहरा से दो बार के निर्दलीय विधायक और अब भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रहीं कमलेश ठाकुर ने कहा, मुझे आपका काम करवाने के लिए सचिवालय जाने की जरूरत नहीं होगी, मैं इसे घर बैठे ही मुख्यमंत्री से करवा लूंगी।
हालांकि उपचुनाव से सदन में ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि कांग्रेस के पास 68 में से 38 सदस्यों के साथ बहुमत है और भाजपा के पास 27 सदस्य हैं। लेकिन देहरा में मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर होगी क्योंकि कमलेश ठाकुर मैदान में हैं। होशियार सिंह उन नौ विधायकों में से एक हैं जिन्होंने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ मतदान किया था।
देहरा सीट का इतिहास
2012 में परिसीमन के बाद देहरा निर्वाचन क्षेत्र बनाया गया था और वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रवि इंदर सिंह 2012 में विधायक के रूप में चुने गए थे, जबकि होशियार सिंह 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में निर्दलीय के रूप में जीते थे। इस बार भाजपा ने पूर्व मंत्री रोमेश धवाला और रवि इंदर सिंह की आपत्तियों को नजरअंदाज करते हुए होशियार सिंह को टिकट दिया और कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधे मुकाबले का मंच तैयार कर दिया।
