देश

इंडिया ब्लॉक का पार्लियामेंट से EC मुख्यालय तक मार्च, AAP ने बनाई दूरी; पुलिस ने पत्रकारों के लिये जारी की गाइडलाइन

आम आदमी पार्टी ने 6 अक्टूबर के इंडिया ब्लॉक के मार्च में शामिल नहीं होने की पुष्टि की है। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर अपनी अलग मुहिम चला रही है।

Image

INDIA bloc के मार्च में शामिल नहीं होगी AAP।

मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी (SIR) को लेकर इस समय दिल्ली से लेकर राज्यों तक सियासत गर्म है। विपक्ष इसे लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है। इस जारी विवाद के बीच विपक्षी सांसद कल सड़कों पर उतरने की योजना बना रहे हैं। INDIA bloc के सांसद मंगलवार, 6 अक्टूबर को संसद भवन से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च करेंगे। विपक्षी दलों ने SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग के सामने अपनी आपत्तियां दर्ज कराने के लिए यह प्रदर्शन तय किया है।

हालांकि, इस प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (AAP) शामिल नहीं होगी। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को स्पष्ट किया कि 6 अक्टूबर का कार्यक्रम INDIA bloc का प्रदर्शन है और AAP इसमें हिस्सा नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर अपने तरीके से लगातार अभियान चला रही है।

संजय सिंह बोले- अपने तरीके से लड़ रहे हैं

संजय सिंह ने संसद परिसर में पत्रकारों से कहा कि एसआईआर को लेकर अलग-अलग जगहों पर रोज प्रदर्शन हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी इसे व्यापक जन मुद्दा मानती है और इसी वजह से अपने पार्टी बैनर के बजाय इसे लोगों के आंदोलन के तौर पर उठा रही है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग संगठन और वाम दल भी इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में AAP INDIA bloc के 6 अक्टूबर वाले मार्च का हिस्सा नहीं बनेगी।

19 विपक्षी दलों की बैठक में बना था कार्यक्रम

INDIA bloc के नेताओं ने 30 सितंबर को दिल्ली में बैठक के बाद SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन का कार्यक्रम घोषित किया था। इसमें 2 से 8 अक्टूबर के बीच देशभर में 'सेव डेमोक्रेसी' मार्च, जिला स्तर पर प्रदर्शन और 6 अक्टूबर को संसद से चुनाव आयोग तक विपक्षी सांसदों का मार्च शामिल है।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, उमर अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव और सुप्रिया सुले समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए थे। AAP और DMK इस बैठक में शामिल नहीं हुए थे।

BJD, DMK और AAP को भी न्योता

6 अक्टूबर के मार्च को लेकर BJD, DMK और AAP को भी निमंत्रण भेजे जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इन दलों की मार्च में भागीदारी की पुष्टि नहीं हुई। AAP ने अब स्पष्ट कर दिया है कि वह इसमें शामिल नहीं होगी।

SIR को लेकर विपक्ष के आरोप

विपक्षी दल SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर सवाल उठा रहे हैं। INDIA bloc ने इस मुद्दे पर आगे भी देशभर में प्रदर्शन और बड़ी रैलियां करने का कार्यक्रम बनाया है। हालांकि, चुनाव आयोग ने SIR से जुड़े निर्णयों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों और आयोग के भीतर मतभेद के दावों को खारिज किया है।

दिल्ली पुलिस की पत्रकारों के लिए एडवाइजरी

वहीं, विपक्ष के प्रोटेस्ट से पहले से दिल्ली पुलिस ने मीडिया कवरेज को लेकर पत्रकारों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

  • प्रदर्शन/प्रदर्शन स्थल की कवरेज के दौरान अपने संस्थान का वैध आईडी कार्ड या PIB/DIP मान्यता कार्ड अनिवार्य रूप से रखें।
  • कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसियों की पहचान प्रक्रिया आसान बनाने के लिए अपना प्रेस कार्ड हर समय स्पष्ट रूप से प्रदर्शित रखें।
  • रिपोर्टिंग के दौरान ऐसी कोई गतिविधि न करें जिससे पुलिस ऑपरेशन या सुरक्षाकर्मियों की आवाजाही प्रभावित हो।
  • तनावपूर्ण या संवेदनशील परिस्थितियों में कवरेज करते समय उचित और सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा खुद को प्रदर्शनकारियों से अलग पहचान योग्य स्थिति में रखें।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article