प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व PM मनमोहन सिंह के जल्द ठीक होने की कामना की, AIIMS पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री ने हाल-चाल जाना 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 14, 2021, 10:47 AM IST

Manmohan Singh Health Update : तबीयत बिगड़ने पर मनमोहन सिंह को बुधवार को एम्स में भर्ती कराया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का इलाज करने वाले डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के जल्द ठीक होने की कामना की। पीएम मोदी ने गुरुवार को कहा कि वह मनमोहन सिंह के अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हैं। तबीयत बिगड़ने पर मनमोहन सिंह को बुधवार को एम्स में भर्ती कराया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का इलाज करने वाले डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। इस बीच गुरुवार सुबह स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया एम्स पहुंचे और पूर्व पीएम का हालचाल जाना। 

प्रधानमंत्री मोदी ने किया ट्वीट

प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा, 'मैं मनमोहन सिंह जी के जल्दी ठीक होने और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।' स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 'आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी से AIIMS,नई दिल्ली में मुलाकात की व उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

एम्स में भर्ती हैं पूर्व पीएम

रिपोर्टों के मुताबिक पूर्व पीएम सिंह को मंगलवार से बुखार आ रहा था। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक एक डॉक्टर ने कहा, '89 वर्षीय कांग्रेसी नेता के बुखार की जांच के लिए एम्स में भर्ती किया गया है। उनकी हालत अब स्थिर है।' पूर्व पीएम को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपने ट्वीट में कहा, 'मैं पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। ईश्वर उन्हें अच्छी सेहत प्रदान करें।' कांग्रेस पार्टी ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर सिंह के अच्छे स्वास्थ्य एवं उन्हें शीघ्र ठीक होने की कामना की है। 

कोरोना से संक्रमित होने पर भी एम्स में हुए थे भर्ती

गत अप्रैल में कोरोना से संक्रमित होने पर भी पूर्व पीएम को एम्स में भर्ती किया गया था। देश का दो बार पीएम रहने वाले मनमोहन सिंह ने 26 सितंबर को अपना जन्मदिन बनाया। पिछले साल असहजता महसूस होने पर भी उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। 26 सितंबर 1932 को जन्मे मनमोहन सिंह आरबीआई का गवर्नर रहने के साथ-साथ केंद्र सरकार में कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 

End of Article