दूसरे चरण में PM मोदी, मुख्यमंत्रियों को लगेगा कोरोना का टीका, 50 साल के ऊपर लोगों को लगेगी वैक्सीन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 21, 2021, 12:32 PM IST

कोरोना टीकाकरण का पहला चरण 16 जनवरी को शुरू हुआ। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स सहित तीन करोड़ लोगों को टीका लगाया जा रहा है। 

नई दिल्ली : कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ज्यादातर राज्यों के मुख्यमंत्रियों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि चूंकि दूसरे चरण में 50 साल के ऊपर व्यक्तियों को टीका लगना है ऐसे में पीएम और ज्यादातर राज्यों के मुख्यमंत्री स्वाभाविक रूप से इस दायरे में आ गए हैं। देश में टीकाकरण का दूसरा चरण कब शुरू होगा इसके बारे में अभी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह अभियान मार्च-अप्रैल महीने में शुरू हो सकता है। बता दें कि कोरोना टीकाकरण का पहला चरण 16 जनवरी को शुरू हुआ। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स सहित तीन करोड़ लोगों को टीका लगाया जा रहा है। 

विपक्ष के नेताओं ने पीएम को टीका लगाने की मांग की है
टीकाकरण जब शुरू हुआ तो विपक्ष के कई नेताओं ने प्रधानमंत्री को टीका लगाने की मांग की थी। विपक्ष के नेताओं का तर्क है कि इससे टीके को लेकर लोगों के बीच जो आशंकाएं वे दूर होंगी। मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में पीएम ने कहा था कि पहले चरण में टीका लगवाने के लिए नेताओं को आगे आने की जरूरत नहीं है, उन्हें अपनी बारी की प्रतीक्षा करनी चाहिए। दूसरे चरण में 50 साल के ऊपर के व्यक्तियों चाहे वह कोई भी हो, टीका लगना है। ऐसे में पीएम और ज्यादातर मुख्यमंत्री इस दायरे में आ जाएंगे। हालांकि ये अभी साफ नहीं है कि पीएम और मुख्यमंत्रियों को टीका कब लगेगा। दूसरे चरण में 50 साल के ऊपर करीब 27 करोड़ लोगों को कोरोना टीके के दो डोज लगेंगे।

End of Article