शपथ ग्रहण से पहले दिग्गज मंत्रियों के इस्तीफे, हर्ष वर्धन-पोखरियाल ने दिया त्यागपत्र

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 7, 2021, 02:53 PM IST

Modi Cabinet Reshuffle : राष्ट्रपति भवन में शाम छह बजे कैबिनेट के नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जानी है लेकिन इसके पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन सहित कई मंत्रियों ने इस्तीफे दे दिए हैं।

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल विस्तार से पहले दिग्गज मंत्रियों के इस्तीफे का दौर जारी है। राष्ट्रपति भवन में शाम छह बजे कैबिनेट के नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जानी है लेकिन इसके पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक सहित कई केंद्रीय मंत्रियों के इस्तीफे हो गए हैं। जिन और केंद्रीय मंत्रियों के इस्तीफे हुए हैं उनमें थावरचंद गहलोत, सदानंद गौड़ा, संतोष गंगवार, देबाश्री चौधरी, रतनलाल कटारिया और संजय धोत्रे का नाम शामिल है।  

कर्नाटक के राज्यपाल नियुक्त हुए हैं थावरचंद गहलोत
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने थावरंचद को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया है। गहलोत ने अपनी राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र उच्च सदन के सभापति वेंकैया नायडू को सौंपा जिसे स्वीकार कर लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि कर्नाटक से सांसदों राजीव चंद्रशेखर, भगवंत खूबा, ए नारायणस्वामी और शोभा करांदलजे को मंत्री बनाया जाएगा।

जद-यू को एक कैबिनेट, 3 राज्य मंत्री पद 
चर्चा है कि इस बार के कैबिनेट विस्तार में जद-यू को एक कैबिनेट बर्थ और तीन राज्य मंत्री का पद दिया जाएगा। जद-यू खेमे से आरसीपी सिंह केंद्रीय मंत्री जबकि चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, रामनाथ ठाकुर और दिलेश्वर कमैत को राज्य मंत्री बनाया जाएगा। 

End of Article