नई दिल्ली: धाकड़ EXCLUSIVE में आज हम मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह की तलाश करेंगे। परमबीर सिंह जिन्होंने महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर वसूली कराने का आरोप लगाया वो अब गायब हैं। महीने से ज्यादा वक्त गुजर चुका है और परमबीर सिंह को किसी ने कहीं नहीं देखा। मुंबई पुलिस, महाराष्ट्र सरकार और केन्द्र सरकार परमबीर सिंह की तलाश में है। कोई कहता है परमबीर सिंह लापता हो गए हैं तो कोई कहता है कि महाराष्ट्र सरकार ने परमबीर को छिपा दिया है।
महाराष्ट्र सरकार का आरोप
महाराष्ट्र सरकार कहती है कि केन्द्र सरकार ने परमबीर को देश से ही भगा दिया है। लेकिन ये सब अटकलें हैं सच ये है कि किसी को नहीं मालूम कि परमबीर सिंह कहां है। आज TIMES NOW नवभारत की टीम ने भी शुरू की परमबीर की तलाश। कुछ सवालों का जवाब पूरा देश जानना चाहता है कि महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाने वाले मुम्बई के पूर्व पुलिस कमिश्नर लापता हैं या भाग गए हैं या फिर भगा दिए गए हैं, जिनका जवाब आज मुंबई की पुलिस को भी नहीं मालूम।
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की तलाश
मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह के देश छोड़ने की अटकलों के बीच सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी तलाश तेज कर दी है। CID की टीम परमबीर के रोहतक और चंडीगढ़ वाले घर पर भी पहुंची। परमबीर के खिलाफ अधिकारी और पुलिसकर्मी जमानती वारंट लेकर पहुंचे थे लेकिन ना तो चंडीगढ़ और ना ही रोहतक के घर पर परमबीर सिंह मिले केंद्रीय गृह मंत्रालय भी परमबीर सिंह की तलाश में है। लिहाज़ा गृहमंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार से जानकारी मांगी है। उद्धव सरकार ने परमबीर सिंह के देश छोड़ने और नेपाल के रास्ते भागने की चर्चाओं के बीच गृहमंत्रालय से पुष्टि करने की मांग की है। लेकिन ये सभी अटकलें हैं। किसी को नहीं मालूम कि परमबीर सिंह कहां है क्योंकि वो चंडीगढ़ में अपने भाई के घर पर तो नहीं हैं।
परमबीर की तलाश जारी
महाराष्ट्र सरकार उनकी तलाश कर रही है। महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वालसे पाटिल के मताबिक केंद्रीय गृहमंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार परमबीर सिंह की तलाश कर रही है। महाराष्ट्र के गृहमंत्री के मुताबिक किसी भी अधिकारी को विदेश जाने से पहले सरकार से इजाजत लेनी होती है और अगर परमबीर सिंह देश छोड़कर भाग गए हैं तो उनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मुकेश अंबानी के दक्षिण मुंबई के घर एंटीलिया के पास विस्फोटकों से लदी एसयूवी के मामले में पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को गिरफ्तार किए जाने के बाद परमबीर सिंह का मार्च 2021 में मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से तबादला कर दिया गया था। परमबीर सिंह ने तब के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब बीजेपी महाराष्ट्र सरकार पर परमबीर सिंह को छिपाने का आरोप लगा रही है। बीजेपी के महाराष्ट्र सरकार पर आरोप लगाते ही आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया। बीजेपी नेता राम कदम के आरोपों का का जवाब महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले आरोप लगाकर ही दिया।
