Rahul Gandhi : ED के सामने आज राहुल गांधी की पेशी, जांच एजेंसी के दफ्तर जाने वाले सभी रास्ते बंद  

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 13, 2022, 08:41 AM IST

Rahul Gandhi news today : दिल्ली पुलिस के प्रतिबंधों के बाद कांग्रेस मुख्यालय से प्रवर्तन निदेशालय मुख्यालय तक रैली निकालने की कांग्रेस की योजना को बड़ा झटका मिला है। दिल्ली पुलिस ने रैली 13 जून के लिए प्रस्तावित रैली को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है।

Rahul Gandhi : नेशनल हेराल्ड केस (National Herald Case )में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) के सामने पेशी होनी है। कांग्रेस (Congress) ने राहुल के समर्थन में दिल्ली में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन की योजना बनाई है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने ईडी दफ्तार की ओर जाने वाले सभी मार्गों को बंद कर दिया है। साथ ही ईडी दफ्तर एवं राहुल गांधी के आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई है। दिल्ली यातायात पुलिस (Delhi Traffic Police) ने कहा है कि आज के यातायत के लिए उसने विशेष प्रबंध किए हैं। उसने लोगों से कुछ खास मार्गों का इस्तेमाल न करने के लिए कहा है। दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय के बाहर नारेबाजी कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कई महिला कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है।

ईडी दफ्तर की ओर जाने वाले सभी मार्ग बंद
ईडी दफ्तर में कांग्रेस नेता की पेशी को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने जांच एजेंसी के दफ्तर की ओर जाने वाले सभी मार्गों को बंद कर दिया है। दिल्ली यातायात पुलिस ने आज सुबह बयान जारी कर कहा कि विशेष व्यवस्था के तहत सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे के बीच गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लैरिज जंक्शन, क्यू प्वाइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आजाद रोड जंक्शन एवं मान सिंह रोड जक्शन पर भारी यातायात रहेगा। लोगों को इन रास्तों का इस्तेमाल न करने की सलाह दी जाती है। पुलिस का कहना है कि इस दौरान गोल डाक खान जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लैस, तीन मूर्ति चौक, पृथ्वीराज रोड पर बसें नहीं चलेंगी।  

रैली निकालने की कांग्रेस की योजना को बड़ा झटका
दिल्ली पुलिस के प्रतिबंधों के बाद कांग्रेस मुख्यालय से प्रवर्तन निदेशालय मुख्यालय तक रैली निकालने की कांग्रेस की योजना को बड़ा झटका मिला है। दिल्ली पुलिस ने रैली 13 जून के लिए प्रस्तावित रैली को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। रविवार रात दिल्ली में राहुल गांधी के घर के बाहर उनके समर्थन में पोस्टर लगे देखे गए। इन पर 'सत्य झुकेगा नहीं' और 'राहुल जी संघर्ष करो, हम आपके साथ हैं' जैसे नारे लिखे हुए थे।

नेशनल हेराल्ड मामला: 13 जून को ईडी के सामने पेश होंगे राहुल गांधी, कांग्रेस दिखाएगी ताकत


कोरोना से संक्रमित हैं सोनिया गांधी
नेशनल हेराल्ड केस की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ के लिए राहुल गांधी और सोनिया गांधी को तलब किया है। कोरोना से संक्रमित होने के बाद सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती हैं, उन्हें 23 जून को जांच एजेंसी के सामने पेश होना है। नेशनल हेराल्ड एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड मामले में ईडी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहा है। इसी सिलसिले में उसने गत एक जून को कांग्रेस के दोनों नेताओं को पूछताछ के लिए समन जारी किया। राहुल गांधी से दो जून को पेश होने के लिए कहा गया था। इस पर राहुल ने अपने विदेश दौरे का हवाला देते हुए जांच एजेंसी से कुछ और वक्त देने की मांग की। सोनिया ने कहा कि वह कोरोना से संक्रमित हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने भी अपनी पेशी के लिए और समय मांगा।  

End of Article