अरविंद केजरीवाल ने बताई अपने हिंदुत्व की परिभाषा, बताया क्यों कराते हैं मुफ्त तीर्थ यात्रा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 10, 2021, 11:31 PM IST

Arvind Kejriwal on Hindutva: टाइम्स नाउ समिट 2021 में आए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि उनके लिए हिंदुत्व की क्या परिभाषा है।

Arvind Kejriwal: टाइम्स नाउ समिट 2021 में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने हिंदुत्व की परिभाषा बताई। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम हर हिंदू के आराध्य हैं, मेरे हिसाब से रामचंद्र जी का कहा हुआ एक-एक शब्द, उनकी वाणी, उनके वचन मेरे लिए हिंदुत्व है। टाइम्स नेटवर्क की ग्रुप एडिटर एवं टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार ने उनसे उनके सॉफ्ट हिंदुत्व पर सवाल किया था।

केजरीवाल ने कहा कि मेरे हिसाब से रामचंद्र जी का जीवन, उनसे प्रेरणा और उनका आचरण असली हिंदुत्व है। मैं 130 करोड़ लोगों को जोड़ना चाहता हूं, इंसान को इंसान से जोड़ना चाहता हूं, ये हिंदुत्व है। ये लोग सोशल मीडिया पर गंदी-गंदी गालियां देते हैं, धमकी देते हैं, दंगे कराते हैं, ये हिंदुत्व नहीं है। हमारे देश के बहुत बड़े और सम्मानित क्रिकेटर ने कुछ कह दिया जो उनको पसंद नहीं आया तो उनकी 8 महीने की बेटी को बलात्कार की धमकी दी गई, ये हिंदुत्व नहीं है। दलितों पर अत्याचार किया जाता है, दलितों को मारा पीटा जाता है, ये हिंदुत्व नहीं है। हिंदुत्व जोड़ता है, हिंदुत्व तोड़ता नहीं है। जो हिंदुत्व के नाम पर चल रहा है, वो हिंदुत्व नहीं है।

दिल्ली के सीएम से पूछा गया कि क्या वो सॉफ्ट हिंदुत्व की ओर बढ़ रहे हैं? तो इस पर उन्होंने कहा कि क्या हनुमान चालीसा गाना पाप है? क्या प्रभु रामचंद्र के दर्शन करने अयोध्या जाना पाप है? जब मैं ऐसा करता हूं तो ये दूसरे पार्टी वाले मुझे गाली देते हैं।

उनसे सवाल किया गया कि इसकी भी बहुत चर्चा हो रही है कि सीएम अरविंद केजरीवाल सभी धार्मिक लोगों को मुफ्त तीर्थ यात्रा पर ले जाएंगे। इस पर उन्होंने कहा कि हर इंसान की आध्यात्मिक जरूरत होती है, अगर कोई सरकार अच्छी शिक्षा, बिजली, पानी, हेल्थकेयर के साथ-साथ लोगो की आध्यात्मिक जरूरतों को भी पूरा करे तो इसमें क्या बुराई है? 

End of Article