Rahul Gandhi के बाद कांग्रेस के 5 और नेताओं के Twitter अकाउंट लॉक, सरकार पर बरसी पार्टी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 12, 2021, 10:32 AM IST

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के बाद उसके पांच और नेताओं के ट्विटर अकाउंट को ट्विटर ने लॉक कर दिया है। उन्होंने इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने एक बार ट्विटर पर अपने नेताओं के अकाउंट लॉक करने का आरोप लगाया है। कुछ दिन पहले राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी तौर पर निलंबित किये जाने के बीच कांग्रेस ने बुधवार देर रात दावा किया कि रणदीप सुरजेवाला समेत पांच वरिष्ठ नेताओं के अकाउंट के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की गयी है।  इसके बाद से ही कांग्रेस Twitter पर भड़क गयी है और उसने ट्विटर पर मोदी सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है।

इन नेताओं के अकाउंट लॉक होने का दावा

पार्टी ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के सचेतक मनिकम टैगोर, असम प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव के ट्विटर अकाउंट निलंबित कर दिए गए हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते दिल्ली में कथित बलात्कार और हत्या की शिकार नौ वर्षीय बच्ची के परिवार के साथ की तस्वीरें ट्वीट की थीं।

पहले किया गया था राहुल का खाता लॉक

 राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने राहुल गांधी के ट्वीट का संज्ञान लिया और ट्विटर को नाबालिग पीड़िता की निजता का उल्लंघन करने के लिए कांग्रेस नेता के अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले राहुल गाधी ने उस  नौ साल की दलित लड़की की पहचान सार्वजनिक कर दी थी जिसके साथ कथित तौर पर बलात्कार हुआ था और फिर उसकी हत्या कर दी गई थी।  राहुल गांधी पर आरोप है कि उन्होंने बच्ची की उसके माता-पिता के साथ एक तस्वीर ट्विटर पर प्रकाशित कर उसकी पहचान उजागर की थी। इसे लेकर राहुल गांधी के खिलाफ याचिका भी दायर की गई जिसपर 27 सितंबर को सुनवाई होनी है।

End of Article