'घबराओ मत, शवों के साथ रैली का इंतजाम करो', बीजेपी ने जारी किया ममता बनर्जी का कथित ऑडियो 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 17, 2021, 09:43 AM IST

पश्चिम बंगाल में पांचवे चरण के मतदान से ठीक पहले शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) मुखिया ममता बनर्जी का एक कथित ऑडियो टेप वायरल हो गया है। 

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में पांचवे चरण के मतदान से ठीक पहले शुक्रवार को बीजेपी ने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी का एक ऐसा कथित ऑडियो जारी है जिसमें वह टीएमसी उम्मीदवार से बातचीत करते हुए सुनाई दे रही हैं। बीजेपी ने दावा किया है कि ममता बनर्जी इस ऑडियो में सीतलकूची से पार्टी के उम्मीदवार से यह कह रही हैं कि वह सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा चलाई गई गोली से मारे गए 4 लोगों के शवों के साथ रैलियां करें। हालांकि टीएमसी ने इस क्लिप को फर्जी करार दिया है।

घबराओ मत...

हालांकि टाइम्स नाउ इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है लेकिन जिस तरह की बातचीत ऑडियो में सुनाई दे रही है वो कई तरह के सवाल खड़े करती है। ममता इस ऑडियो में कथित तौर पर टीएमसी उम्मीदवार पार्थ प्रतिम रे से कहती हैं, 'घबराओ मत, सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा चलाई गई गोली से मारे गए 4 लोगों के शवों के साथ रैलियों की तैयारी करो।' भाजपा का कहना है कि ममता ऐसा कर दंगे भड़काने की कोशिश कर रही हैं। 

बीजेपी ने जारी किया ऑडियो
भाजपा नेता और आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इस कथित टेप को जारी करते हुए कहा, 'सुनिए कैसे ममता बनर्जी सीतलकूची में शवों के साथ जुलूस निकालना चाहती थी। वो SP और IC को फ़साना चाहती थी... NPR और डिटेन्शन सेंटर की झूठी अफ़वा फैला कर, अल्पसंख्यकों का वोट अपनी तरफ़ करना चाहती थी...' उन्होंने कहा कि क्या किसी मुख्यमंत्री से ऐसी उम्मीद की जाती है? वह केवल अल्पसंख्यकों के वोट हासिल करने के लिए भय का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही हैं।

सीतलकूची हिंसा के लिए उकसाने के लिए ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर

सीतलकूची की घटना में केंद्रीय बलों द्वारा भीड़ पर गोलियां चलाने के बाद चार लोग मारे गए थे। चौथे चरण के मतदान के दौरान कूच बिहार जिले के सीतलकूची में एक बूथ के पाससुरक्षा बलों पर कथित रूप से स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया था। इस दौरान लोगों ने सुरक्षाकर्मियों से राइफल छीनने का प्रयास किया था। इस बीच, ममता बनर्जी के खिलाफ कथित तौर पर सीतलकूची में केंद्रीय बलों पर हमले के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

End of Article