देश

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ केरल में मिले अपनी टीचर से, भावुक होकर बोलीं- इससे बेहतर गुरु दक्षिणा नहीं हो सकती

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated May 22, 2023, 07:09 PM IST

Jagdeep Dhankhar Meet School Teacher: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ केरल के दौरे पर हैं, वहां वो अपनी टीचर से मिले, उन्होंने वहां अपने स्कूली दिनों को याद किया।

Image

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने केरल में सोमवार को अपनी एक स्कूल अध्यापिका से मुलाकात की

Vice President Kerala Visit: केरल (Kerala) के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (Vice President of India) ने सोमवार को राज्य के इस उत्तरी जिले के पन्नियानूर ग्राम पंचायत क्षेत्र में रहने वाली अपनी एक स्कूल अध्यापिका (Jagdeep Dhankhar School Teacher) से मुलाकात की।

उपराष्ट्रपति अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ अपनी अध्यापिका रत्ना नायर से मिले, जो इतने वर्षों के बाद अपने छात्र को देखकर बहुत खुश हुईं।

अधिकारियों के अनुसार, शिक्षिका ने उपराष्ट्रपति से कहा, 'इससे बेहतर गुरु दक्षिणा नहीं हो सकती।'

टीचर को अपने 'जगदीप' पर गर्व है

उन्होंने कहा कि अध्यापिका और उनके परिवार ने उपराष्ट्रपति का नारियल पानी से स्वागत किया और उन्हें एवं उनकी पत्नी को घर में बनी इडली और केले के चिप्स परोसे, हालाँकि नायर के कई छात्र उच्च पदों पर हैं जिनमें से ज्यादातर सशस्त्र बलों और पुलिस में हैं, लेकिन यह पहली बार है कि उनमें से एक देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद पर है और अध्यापिका को अपने 'जगदीप' पर गर्व है।

उन्होंने धनखड़ को 'खाकी में एक युवा लड़के, पहली पंक्ति में बैठने वाले, पूरी तरह से कक्षा पर ध्यान केंद्रित करने वाले' छात्र के रूप में याद किया। नायर ने कहा, 'वह एक बहुत ही सक्रिय, अनुशासित और आज्ञाकारी लड़का था, जिसने कक्षा के अंदर और बाहर सभी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वह अच्छा वाद-विवाद करने वाला, एक अच्छा खिलाड़ी और पढ़ने में भी अच्छा था।'

VP  Dhankad Meet School Teacher

VP Dhankad Meet School Teacher

पुराने दिनों को याद करते हुए जब धनखड़ सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ बोर्डिंग स्कूल में उनके छात्र थे, अध्यापिका ने कहा कि छात्र साल में लगभग नौ महीने अपने शिक्षकों के साथ बिताते हैं, वे उनके साथ लंबे समय तक चलने वाला बंधन विकसित करते हैं। अध्यापिका ने कहा, 'अभिभावक बीच-बीच में स्कूल आते रहते थे। मुझे याद है कि जगदीप के पिता इन बैठकों में बहुत नियमित रूप से शामिल होते थे। वह अपने दोनों बेटों से संबंधित प्रगति की निगरानी के लिए हर महीने स्कूल जाते थे।' इस मौके पर पर केरल विधानसभा के अध्यक्ष ए एन शमसीर भी मौजूद थे।

केरल दौरे पर हैं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ रविवार को दो दिवसीय केरल दौरे पर पहुंचे और शाम को यहां प्रसिद्ध श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में दर्शन किए।केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और राज्य के परिवहन मंत्री एंटनी राजू ने यहां शणमुगम के वायु सेना स्टेशन पर धनखड़ का स्वागत किया।

इसके बाद, उन्होंने सलामी गारद का निरीक्षण किया और फिर श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए।

उपराष्ट्रपति ने पारंपरिक केरल पोशाक पहनकर मंदिर में भगवान विष्णु की पूजा की

धनखड़ ने पारंपरिक केरल पोशाक पहनकर मंदिर में भगवान विष्णु की पूजा की और फिर अधिकारियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

धनखड़ के साथ उनकी पत्नी भी थीं। उपराष्ट्रपति सोमवार को 'शंकरनारायणन थम्पी मेम्बर्स लाउंज' में विधानसभा के रजत जयंती समारोह का उद्घाटन करेंगे इसके बाद, वह राज्य के कन्नूर जिले की यात्रा करेंगे और वहां एझिमाला में नौसेना अकादमी का दौरा करेंगे।

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!