Raihan Vadra Photos Row: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से विरोध प्रदर्शनों की 70 से ज्यादा तस्वीरें हटाए जाने के मामले पर बीकानेर हाउस मैनेजमेंट सोसाइटी की सफाई सामने आई। बीकानेर हाउस का कहना है कि प्रदर्शनी में शामिल कुछ तस्वीरें सोसाइटी की निर्धारित नीतियों के अनुरूप नहीं पाई गईं, इसलिए उन तस्वीरों को हटाने का अनुरोध किया गया था।
बीकानेर हाउस मैनेजमेंट सोसाइटी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि बीकानेर हाउस एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान है, जो कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। इसके परिसर में आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों और उनसे जुड़ी गतिविधियों के लिए बीकानेर हाउस मैनेजमेंट कमेटी की नीतियों का पालन करना अनिवार्य है।
बयान में आगे कहा गया कि रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी 'नो आइडिया इज फाइनल' में प्रदर्शित कुछ तस्वीरें सोसाइटी की नीतियों के अनुरूप नहीं पाई गईं, इसलिए उन तस्वीरों को हटाने का अनुरोध किया गया। सोसाइटी ने स्पष्ट किया कि उनकी नीतियों के अनुरूप पाई गई तस्वीरें प्रदर्शनी में अब भी प्रदर्शित की जा रही हैं।
रेहान ने लगाए थे तस्वीर हटाने के आरोप
बीकानेर हाउस की यह टिप्पणी रेहान वाड्रा के आरोपों के एक दिन बाद आई। रेहान ने बुधवार शाम दावा किया था कि अधिकारियों ने उनसे ज्यादातर तस्वीरें हटाने को कहा। रेहान ने बताया कि उन्हें बुधवार को करीब साढ़े तीन बजे बताया गया कि अगर तस्वीरें शाम पांच बजे तक नहीं हटाई गईं, तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'तिरंगे की तस्वीर नहीं हटाऊंगा', प्रदर्शनी से फोटो नहीं हटाने पर अड़े रेहान वाड्रा; प्रियंका बोलीं-'आज वह है, कल कोई और कलाकार होगा'
रेहान ने कहा कि उन्होंने प्रदर्शनी का विस्तृत प्रस्ताव और प्रारूप बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ काफी पहले साझा कर दिया था, इसके बावजूद प्रशासन ने कई तस्वीरें हटा दीं।
'राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीरें भी हटाने को कहा'
रेहान का गुरुवार को भी एक बयान सामने आया। रेहान ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में दावा किया कि प्रदर्शनी के उद्घाटन से पहले अधिकारियों ने उनसे भारतीय ध्वज वाली दो तस्वीरें भी हटाने के लिए कहा और लिखित निर्देश मांगने के बावजूद एक तस्वीर उनकी गैरमौजूदगी में हटा दी गई। बकौल रेहान, प्रदर्शनी में शुरू में वन्यजीवन, अमूर्त कला और भारत में युवाओं के हालिया प्रदर्शनों की तस्वीरें समेत 100 से अधिक तस्वीरें शामिल थीं, जिनमें से 70 से अधिक तस्वीरें हटा दी गई हैं और करीब 40 तस्वीरें अभी प्रदर्शित हैं।
