Jagdeep Dhankhar: उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को बीती शताब्दी का 'महापुरुष' बताया है जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में उन्होंने कहा कि पीएम मोदी इस सदी के 'युगपुरुष' हैं। उप राष्ट्रपति ने यह बात सोमवार को कही। उन्होंने कहा कि 'मैं आपको एक बात कहना चाहूंगा, पिछली शताब्दी के महापुरुष महात्मा गांधी थे, इस शताब्दी के युगपुरुष नरेंद्र मोदी हैं! महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा से हमें अंग्रेजों की गुलामी से छुटकारा दिलाया, भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री ने देश को प्रगति के उस रास्ते पर डाल दिया है, जिस पर हम सदैव देखना चाहते थे।'
श्रीमद राजचंद्रजी की जयंती समारोह में कही यह बात
धनखड़ जैन विचारक और दार्शनिक श्रीमद राजचंद्रजी की जयंती समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने श्रीमद राजचंद्रजी की एक भित्तिचित्र का भी अनावरण किया। श्रीमद राजचंद्रजी का जन्म 1867 में गुजरात में हुआ था और 1901 में उनकी मृत्यु हो गई थी। उन्हें जैन धर्म पर उनकी शिक्षाओं और महात्मा गांधी के आध्यात्मिक मार्गदर्शन के लिए जाना जाता है।
पीएम मोदी और महात्मा गांधी में एक बात समान-धनखड़
धनखड़ ने कहा, ‘दो महान हस्तियों- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में एक बात समान है। उन्होंने श्रीमद राजचंद्रजी को प्रतिबिंबित किया है।’उन्होंने कहा, ‘इस राष्ट्र के विकास का विरोध करने वाली ताकतें और इस देश के उत्थान को पचा न पाने वाली ताकतें एक साथ आ रही हैं। जब भी देश में कुछ अच्छा होता है तो ये लोग एक अलग मुद्रा में आ जाते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए।’
एक वैश्विक आंदोलन है श्रीमद राजचंद्र मिशन
श्रीमद राजचंद्र मिशन, धरमपुर एक वैश्विक आंदोलन है, जो साधकों के आध्यात्मिक विकास को बढ़ाने और समाज को लाभ पहुंचाने का प्रयास करता है। मिशन का अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय गुजरात के धरमपुर में स्थित है। मिशन के कई सत्संग केंद्र, श्रीमद राजचंद्र युवा समूह और श्रीमद राजचंद्र दिव्य स्पर्श केंद्र हैं। श्रीमद राजचंद्रजी और महात्मा गांधी की पहली मुलाकात 1891 में मुंबई में हुई थी, जब वह (गांधी) एक युवा बैरिस्टर के रूप में इंग्लैंड से लौटे थे।
