Oommen Chandy: कांग्रेस के दिग्गज नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की निधन हो गया है। वो काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। 80 वर्षीय चांडी का पिछले अक्टूबर में बर्लिन के चैरिटे अस्पताल में इलाज हुआ था। ओमन चांडी 2004-2006 और 2011-2016 के बीच दो बार केरल के मुख्यमंत्री रहे।
बेटे ने दी जानकारी
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के निधन की जानकारी उनके बेटे ने एक फेसबुक पोस्ट में की। बेटे ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा-"अप्पा का निधन हो गया"।केरल कांग्रेस अध्यक्ष के सुधाकरन ने भी ट्विटर पर इस जानकारी को शेयर किया है। उन्होंने लिखा- "प्रेम की शक्ति से दुनिया पर विजय पाने वाले राजा की कहानी का मार्मिक अंत हो गया। आज मैं एक महान व्यक्ति ओमन चांडी के निधन से बहुत दुखी हूं। उन्होंने अनगिनत व्यक्तियों के जीवन को प्रभावित किया, उनकी विरासत हमारी आत्माओं में हमेशा गूंजती रहेगी।"
केरल सीएम ने जताया शोक
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा- "हम एक ही वर्ष में विधान सभा के लिए चुने गए थे। इसी चरण में हम छात्र जीवन के माध्यम से राजनीतिक क्षेत्र में आए थे। हमने एक ही समय में सार्वजनिक जीवन जीया था और उन्हें विदाई देना बेहद कठिन है। वो एक सक्षम प्रशासक और लोगों के जीवन से करीब से जुड़े रहने वाले व्यक्ति थे।"
पीएम मोदी ने जताया शोक
पीएम मोदी ने ओमन चांडी के निधन पर शोक जताते हुए कहा- "ओमन चांडी के निधन से हमने एक विनम्र और समर्पित नेता खो दिया है, जिन्होंने अपना जीवन सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया और केरल की प्रगति के लिए काम किया। मुझे उनके साथ अपनी विभिन्न बातचीतें याद हैं, खासकर जब हम दोनों अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में काम करते थे और बाद में जब मैं दिल्ली चला गया। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। उसकी आत्मा को शांति मिलें।"
