Vande Bharat Express Train: भारतीय रेलवे वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों को तोहफा देने जा रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर एक ट्रायल होने जा रहा है, यह सफल रहा तो जल्द ही यात्रियों को वंदे भारत फुल स्पीड यानी 160 किलोमीटर प्रति घंटे से दौड़ती दिखाई देगी। जानकारी के मुताबिक, रेलवे मुंबई और अहमदाबाद रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में यह ट्रायल करने जा रहा है। रेलवे सुरक्षा आयुक्त की ओर से इसको लेकर हरी झंडी भी मिल गई है।
बता दें, वंदे भारत ट्रेन की फुल स्पीड 160 किलोमीटर प्रति घंटा है, लेकिन मौजूदा समय में यह ट्रेन 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ही चल रही है। ऐसे में इसे अपनी फुल स्पीड पर दौड़ने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अगर ट्रायल सफल रहता है तो मुंबई और अहमदाबाद के बीच सफर करने वाले यात्रियों की बल्ले-बल्ले हो जाएगी। दरअसल, अभी इस रूट पर 5 घंटे 25 मिनट का समय लगता है, लेकिन 160 किमी प्रति घंटा गति होने के बाद यात्रा समय में 45 मिनट की बचत हो सकेगी।
मिशन रफ्तार के तहत बढ़ाई जाएगी स्पीड
रेलवे के मिशन रफ्तार प्रोजेक्ट के तहत वंदे भारत ट्रेनों को अपनी फुल स्पीड 160 किमी प्रति घंटे तक पहुंचाने का प्लान है। रेलवे का कहना है कि अगर ट्रेन को इस स्पीड पर दौड़ाना है तो ट्रैक के साथ सिस्टम में कुछ बदलाव करने होंगे। यह पहला बदलाव सबसे पहले मुंबई से शुरू होने वाले रूटों पर होगा, जहां देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन फर्राटा भरेगी। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि मुंबई-अहमदाबाद के 791 किमी तक के रूट पर सेफ्टी बैरियर लगाने के साथ इंजीनियरिंग कार्य पूरा कर लिया गया है।
अभी इतनी स्पीड से दौड़ती है वंदे भारत
बता दें, वर्तमान में मुंबई-अहमदाबाद रूट पर वंदे भारत की मौजूदा स्पीड 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा ही है, जिसके बढ़ाकर 160 तक किए जाने का प्लान है। इसके लिए आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। अगर, यह ट्रायल सफल रहता है तो इस प्रोजेक्ट को देश के अन्य रूट्स पर अपनाया जाएगा और वंदे भारत की औसत स्पीड को अपग्रेड किया जाएगा।
