ENG के खिलाफ फाइनल में बिहार के लाल सूर्यवंशी के मुरीद हुए नीतीश कुमार; बोले- भारतीय टीम की बने नई उम्मीद
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Feb 6, 2026, 06:00 PM IST
England U19 vs India U19: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हो गए। दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने महज 80 गेंद में 175 रन की आतिशी पारी खेली।
वैभव सूर्यवंशी (फोटो साभार: @BCCI)
England U19 vs India U19: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हो गए। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। दरअसल, आईसीसी मेन्स अंडर-19 विश्व कप 2026 (ICC Mens Under 19 World Cup 2026) के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने 15 छक्के और 15 चौकों की बदौलत महज 80 गेंद में 175 रन की आतिशी पारी खेली।
नीतीश कुमार ने क्या कुछ कहा?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आज अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मैच में बिहार के क्रिकेटर श्री वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है। वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। मेरी शुभकामना है कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रौशन करें।''
दूसरा सबसे तेज शतक
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक जड़ा जिसके लिए उन्होंने सिर्फ 55 गेंद खेली हैं। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी केवल 4 गेंद से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज विल मालाजुक का रिकॉर्ड चूक गए जिन्होंने जापान के खिलाफ इसी वर्ल्ड कप में 51 गेंद में शतक जड़ा था। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंद में 15 चौके और 15 छक्के से 175 रन बनाए जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 412 रनों का विशालकाय लक्ष्य दिया।
ऐतिहासिक पारिया खेल रहे सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी लगातार ऐतिहासिक पारियां खेल रहे हैं। इसी पारी के साथ ही अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने 3 अर्धशतकीय पारी खेली थी। हालांकि, उन्होंने इस मुकाबले में महज 32 गेंद में 6 चौके और 3 छक्कों की बदौलत पचासा पूरा किया था और अर्धशतक से लेकर शतक तक का सफर महज 23 गेंद में पूरा कर लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
