देश

सपा का चुनावी मास्टरप्लान! एक नहीं 3 घोषणापत्र जारी करेगी पार्टी, मेनिफेस्टो में PDA-आम जनता पर होगा फोकस

समाजवादी पार्टी का फोकस सामाजिक न्याय, समान अवसर और जनता से जुड़े सवालों पर रहेगा। तीन श्रेणियों में घोषणापत्र जारी करने की रणनीति के जरिए सपा अलग-अलग सामाजिक वर्गों की अपेक्षाओं और समस्याओं को अपने चुनावी एजेंडे में शामिल करना चाहती है।

Image

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव। तस्वीर-AI

SP Manifesto: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) अपने चुनावी एजेंडे को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रही है। पार्टी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी। इसे 'जन-मन घोषणापत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया गया है। खास बात यह है कि सपा का घोषणापत्र तीन अलग-अलग श्रेणियों में तैयार किया गया है। इसके जरिए पार्टी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA वर्ग के साथ-साथ आम जनता के मुद्दों को भी प्रमुखता देगी।

अलग-अलग सामाजिक वर्गों तक पहुंच की कोशिश

पार्टी का फोकस सामाजिक न्याय, समान अवसर और जनता से जुड़े सवालों पर रहेगा। तीन श्रेणियों में घोषणापत्र जारी करने की रणनीति के जरिए सपा अलग-अलग सामाजिक वर्गों की अपेक्षाओं और समस्याओं को अपने चुनावी एजेंडे में शामिल करना चाहती है। संविधान दिवस पर इसकी घोषणा को भी पार्टी के राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

तीन अलग-अलग श्रेणियों में जारी होगा घोषणापत्र

  1. राज्य-स्तरीय घोषणापत्र: पूरे उत्तर प्रदेश के लिए मुख्य विजन और बड़े चुनावी वादे।
  2. जिला-स्तरीय घोषणापत्र: प्रदेश के सभी 75 जिलों की स्थानीय समस्याओं, विकास और जरूरतों पर केंद्रित अलग-अलग घोषणापत्र।
  3. राजधानी (लखनऊ) के लिए विशेष घोषणापत्र: लखनऊ के शहरी विकास, बुनियादी ढांचे और स्थानीय मुद्दों को संबोधित करने के लिए एक विशेष घोषणापत्र।
सूत्रों का कहना है कि लखनऊ के लिए खास वादा होगा। इसमें ट्रैफिक जाम से मुक्ति, नए फ्लाईओवर ब्रिज, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और शिक्षा का वादा होगा।

प्रमुख संभावित वादे

  • इस घोषणापत्र में महिलाओं के लिए 40,000 रुपये सालाना पेंशन
  • स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
  • घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली
  • गरीबों के लिए बिना कार्ड के मुफ्त इलाज
  • लखनऊ में छात्राओं-छात्रों के लिए मुफ्त मेट्रो यात्रा

24 नवंबर को हुई बातचीत भी बेनतीजा रही

सपा यूपी चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ना चाहती है। इसके लिए दोनों पार्टियों में बातचीत चल रही है। दोनों दलों के बीच लगातार दूसरे दिन 24 नवंबर को हुई बातचीत भी बेनतीजा रही, हालांकि नेताओं ने इसे सकारात्मक बताते हुए अगली दो बैठकों में गठबंधन को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद जताई। अखिलेश यादव ने कांग्रेस से सपा की ओर से उसके लिए प्रस्तावित 26 सीटों के अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटों की सूची भी भेजने का आग्रह किया।

'सीट की जगह जीत के समीकरण पर विचार करे कांग्रेस'

उन्होंने कहा कि इसके बाद दोनों दल बैठकर तय कर सकते हैं कि किस सीट पर किस दल का कौन सा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है।

यादव ने कांग्रेस को संबोधित करते हुए X पर एक पोस्ट में कहा, 'हम सौहार्द और सूझबूझ से ये कर भी दिखाएंगे। इसी आशा के साथ आप-हम 'सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी ऐसा हो। देश का भविष्य संवारने में हम लोगों का योगदान हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाए।’

सीट बंटवारे पर फिर होगी बैठक

इस बीच, बैठक में शामिल कांग्रेस के एक नेता ने 'पीटीआई-भाषा’ से कहा कि पार्टी सम्मानजनक संख्या में सीटें और उन पर जीत की बेहतर संभावनाएं चाहती है तथा अपने इस रुख से पीछे नहीं हटेगी। सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि दोनों दलों के बीच सीट-दर-सीट चर्चा हुई और बातचीत सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की 403 विधानसभा सीटों में से अभी सभी पर चर्चा पूरी नहीं हुई है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article