देश

दीपम विवाद में निशाने पर तमिलनाडु सरकार, सुप्रीम कोर्ट की अवमानना में घिरे सीएम विजय, लग रहे बड़े आरोप

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अपने अंतरिम आदेश में मंदिर की ओर से अधिकृत एक छोटी टीम को विवादित पत्थर के स्तंभ (दीपाथून) पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, मंगलवार शाम तक उस स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया....

Image

दीपम विवाद पर क्या संकट में घिरी विजय सरकार?

Tamil Nadu Deepam Row: मुख्यमंत्री पद पर छह महीने पूरे कर चुके थलपति विजय की अगुवाई वाली तमिलनाडु सरकार मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम 'दीपम' विवाद को लेकर सियासी और कानूनी तौर पर बुरी तरह घिर गई है। मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम में विवादित पत्थर के खंभे 'दीपाथून' के बजाय पारंपरिक स्थान उची पिल्लैयार मंदिर में दीप जलाने के बाद विजय सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश की अवमानना के आरोप लग रहे हैं, जिस पर बीजेपी समेत विपक्षी दल और हिंदू संगठन हमलावर हो गए हैं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं जला दीपाथून पर दीप

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अपने अंतरिम आदेश में मंदिर की ओर से अधिकृत एक छोटी टीम को विवादित पत्थर के स्तंभ (दीपाथून) पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, मंगलवार शाम तक उस स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया और परंपरा के अनुसार उची पिल्लैयार मंदिर के पास ही दीप प्रज्जवलित किया गया। इसके बाद हिंदू परिषद ने सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल करने का ऐलान किया है, जिससे विजय सरकार पर कानूनी संकट गहरा सकता है।

सहयोगियों के दबाव और सियासी मजबूरी में घिरे विजय

सीएम विजय के इस फैसले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बावजूद सरकार ने कदम पीछे क्यों खींचे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके), सीपीआई और सीपीआई(एम) जैसे दलों ने विवादित जगह पर दूसरा दीप जलाने का विरोध किया था और वामपंथी दलों ने मौजूदा परंपरा कायम रखने की अपील की थी।

सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार चला रहे विजय के सामने अदालत के आदेश का पालन कर सहयोगियों को नाराज करने या सहयोगियों के साथ खड़े होकर अवमानना का जोखिम उठाने का विकल्प था, जिसमें उन्होंने दूसरा रास्ता चुना। उपचुनाव में दो सीटें जीतने के बावजूद बहुमत के लिए सहयोगियों पर निर्भरता और पार्टी विधायकों से जुड़े घटनाक्रमों के बीच यह फैसला उनकी सरकार के लिए बड़ी सियासी चुनौती बन गया है।

बीजेपी-एआईएडीएमके का हमला

दीपाथून की जगह मंदिर में दीप जलाने पर बीजेपी और एआईएडीएमके ने विजय सरकार को घेरा है। अन्नामलाई ने दीपाथून पर महा दीपम नहीं जलाने के फैसले को विनाशकारी निर्णय करार दिया है, वहीं साधु-संतों की ओर से भी तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मदुरै के जिला मजिस्ट्रेट (DM) ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश की अवहेलना करते हुए 'दीपाथून' पत्थर के खंभे के बजाय 'उच्चापिल्लैयार मंडपम' में दीप जलवाया।

'सभ्यतागत और कानूनी चुनौती का सामना करना पड़ेगा'

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर किए गए पोस्ट में बीएल संतोष ने लिखा कि तमिलनाडु सरकार का हिस्सा होने के नाते मदुरै डीएम ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के खिलाफ जाकर उच्चापिल्लैयार मंडपम में दीप जलाया। उन्होंने आगे कहा कि सीएम विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार को इस मामले में सभ्यतागत और कानूनी दोनों तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि उन्होंने अपनी क्षमता से ज्यादा बड़ा पंगा ले लिया है।सहयोगियों को खुश करने के लिए आदेश की अनदेखी का आरोप

एक अन्य पोस्ट में बीएल संतोष ने आरोप लगाया कि राज्य में गठबंधन सहयोगियों को खुश करने के लिए सरकार ने दीप जलाने की अनुमति नहीं दी और सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना की। उन्होंने कहा कि कुछ साथियों को संतुष्ट करने के चक्कर में करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है।

तमिलनाडु के कई हिस्सों में प्रदर्शन और गिरफ्तारी

दीपाथून पत्थर के खंभे पर कार्तिगई दीपम न जलाए जाने के विरोध में तमिलनाडु के कई इलाकों में विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया और सड़कें जाम कर सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश को लागू करने की मांग की। रामनाथपुरम में हिंदू फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और सुप्रीम कोर्ट का आदेश लागू न करने का आरोप लगाया। केनिकराई पुलिस ने सड़क जाम करने वालों को हिरासत में लिया। पोलाची में महा कार्तिगई दीपम के अवसर पर हिंदू मुन्नानी के सदस्यों ने कस्बे के मध्य में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हिंदू मुन्नानी, बीजेपी और विश्व हिंदू परिषद पिछले साल से कोर्ट के आदेश और दीप जलाने को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को हटाने और गिरफ्तार करने के दौरान पोलाची में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति भी बनी।

तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी का विवाद

तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की तलहटी में भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थलों में से एक सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर स्थित है, जबकि पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में सिकंदर बदूशा दरगाह है और विवादित पत्थर का स्तंभ दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। हिंदू संगठन लंबे समय से इस स्तंभ पर अतिरिक्त दीप जलाने की मांग कर रहे हैं, जबकि मंदिर के पुजारियों के अनुसार परंपरागत रूप से दीप उची पिल्लैयार मंदिर के पास ही जलाया जाता रहा है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article