देश

राजस्थान: 37 जिला परिषद प्रमुखों के लिए आज मतदान, कांग्रेस का 27 जिलों में जीत का दावा

तय कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन पेश कर सकेंगे, 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मैदान में बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। तीन से पांच बजे के बीच मतदान होगा और परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Image

राजस्थान में जिला परिषद प्रमुखों का चुनाव।

Photo : PTI

Rajasthan Zila Parishad Chiefs: जयपुर : राजस्थान के 41 में से 37 जिलों में जिला परिषद प्रमुखों के चुनाव 25 नवंबर को होंगे और राज्य की मुख्य विपक्षी कांग्रेस का दावा है कि वह 27 जिलों में अपने प्रमुख बनाने की स्थिति में है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्य के 37 जिलों में जिला परिषद प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर को होगा जबकि उप-जिला प्रमुखों के चुनाव 26 नवंबर को कराए जाएंगे। यहां नवनिर्वाचित 1275 जिला परिषद सदस्य अपने अपने जिले का प्रमुख व उपप्रमुख चुनेंगे। इसी तरह इन जिलों में पंचायत समिति प्रधानों का चुनाव 27 नवंबर को और उप-प्रधानों का चुनाव 28 नवंबर को होगा। ये सभी चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से होने हैं।

तीन से पांच बजे के बीच मतदान होगा

तय कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन पेश कर सकेंगे, 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मैदान में बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। तीन से पांच बजे के बीच मतदान होगा और परिणाम घोषित किए जाएंगे। राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार अपने कार्यकाल का तीसरा साल अगले महीने पूरा कर रही है और उससे ठीक पहले इन चुनावों को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना रहा है ।

पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जोरदार जीत

कांग्रेस का दावा है कि शुक्रवार को वह पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में भी 300 से अधिक पंचायत समितियों में अपने 'प्रधान’ बनवा पाएगी। राज्य के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के परिणाम पिछले हफ्ते आए जिसमें कांग्रेस ने जोरदार जीत दर्ज की। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 37 जिलों में जिला परिषद की कुल 1,275 सीट में से कांग्रेस ने 796 सीट जीतीं, जबकि भाजपा को 359 सीट मिलीं। वहीं पंचायत समिति के सदस्यों के चुनावों में कुल 7,543 वार्ड में से कांग्रेस ने 3,772 पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को 2,218 सीट मिलीं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने जिला परिषद की 51 और पंचायत समिति की 497 सीटें जीतीं। वहीं भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने क्रमशः 43 और 278 सीटें जीतीं।

चुनाव में भाजपा के दिग्गज हारे

निर्दलीय उम्मीदवारों ने जिला परिषद की 13 और पंचायत समिति की 664 सीटें जीतीं। इनके अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा), माकर्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और आम आदमी पार्टी (आप)ने भी इन चुनाव में काफी सीटों पर जीत दर्ज की। पंचायत राज संस्थाओं के इस चुनाव में कांग्रेस जयपुर, जोधपुर, सीकर, बीकानेर, दौसा और भीलवाड़ा में मजबूत दिख रही है। सत्तारूढ़ भाजपा को अजमेर, बालोतरा, सलूंबर और उदयपुर जिलों में बढ़त प्राप्त है। भाजपा को अपने कई मंत्रियों व विधायकों वाले इलाके में हार का सामना करना पड़ा। सीकर में शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और उनके दो बेटे पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हार गए।

आरएलपी बड़ी ताकत के रूप में उभरी

नागौर जिले में सांसद हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व वाली आरएलपी ने जिला परिषद में बहुमत हासिल किया और इस क्षेत्र में एक बड़ी ताकत बनकर उभरी। आरएलपी ने पड़ोसी डीडवाना-कुचामन में भी अच्छा प्रदर्शन किया, जहां उसके चुने गए सदस्य जिला परिषद के गठन में अहम भूमिका निभा सकते हैं। दक्षिणी राजस्थान में बीएपी ने आदिवासी इलाकों, खासकर बांसवाड़ा और डूंगरपुर में बढ़त बनाई है। कांग्रेस प्रदेश समिति के महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने दावा किया कि कांग्रेस 27 से ज्यादा जिला परिषदों में अपना ’जिला प्रमुख’ बनाने की स्थिति में है।

24-25 दिसंबर को होगा प्रधानों का चुनाव

उन्होंने कहा, चुनाव नतीजों से पता चलता है कि लोगों ने भाजपा को नकार दिया है। कांग्रेस पार्टी के पास 27 से ज्यादा जिला परिषदों और 300 से ज्यादा पंचायत समितियों में बोर्ड बनाने के लिए जरूरी संख्या बल है।’राज्य के 41 जिलों में इन दोनों पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव हाल ही में चार चरणों में हुए। इनमें 37 जिलों में वोटों की गिनती पिछले हफ्ते हो गई जबकि चार जिलों -कोटा, बारां, करौली- में मतगणना को 17 दिसंबर तक के लिए टाल दिया गया है क्योंकि मौजूदा जिला परिषदों और पंचायत समितियों का पांच साल का कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो रहा है। जिन चार जिलों में मतगणना टाल दी गई है, वहां जिला प्रमुखों और उप-जिला प्रमुखों के चुनाव क्रमशः 22 और 23 दिसंबर को होंगे जबकि प्रधानों और उप-प्रधानों का चुनाव 24 और 25 दिसंबर को होगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article