Ram Lala News: भगवान राम के बाल स्वरूप राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे लोगों का उत्साह एवं जोश बढ़ता जा रहा है। 22 जनवरी को अयोध्या के भव्य एवं दिव्य राम मंदिर के गर्भ गृह में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस कार्यक्रम के लिए पूरा देश राम मय हो गया है। भगवान राम के लिए देश के कोने-कोने से उपहार भेजे जा रहे हैं। भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ से अयोध्या चावल भेजा जा रहा है तो वडोदर से 108 फीट की अगरबत्ती अयोध्या के लिए रवाना हुई है। विशाल अगरबत्ती को लेकर रथ यात्रा निकली है जो कि उदयपुर पहुंची है। उदयपुर पहुंचने पर इस रथ यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। लोगों ने भगवान राम के नारे लगाए। जगह-जगह राम भक्तों ने अगरबत्ती की पूजा की। विशेष रूप से तैयार की गई इस अगरबत्ती को प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन इसे राम मंदिर में लगाया जाएगा।
जोर शोर से चल रही प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारी अयोध्या में जोर-शोर से चल रही है। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि अयोध्या में तीन मंजिला राम मंदिर का निर्माण इस साल दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। विस्तृत क्षेत्र में फैले मंदिर परिसर में अन्य ढांचे भी होंगे।मिश्रा ने कहा, ‘हम सभी भगवान राम द्वारा कर्तव्य निर्वहन में प्रदर्शित की गई मर्यादा का पालन कर रहे हैं।’
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे PM
अयोध्या में 22 जनवरी को मंदिर के उद्घाटन की तैयारियां की जा रही हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसमें शामिल होंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने समारोह में 7,000 से अधिक लोगों को आमंत्रित किया है। निर्माण कार्य के बारे में पूछे जाने पर मिश्रा ने कहा, ‘अभी, भूतल का निर्माण हुआ है, पहली और दूसरी मंजिल का निर्माण दिसंबर 2024 तक पूरा हो जाएगा।’निर्माण कार्य में चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘प्रतिदिन चुनौतियां आती हैं। लेकिन, मुझे लगता है कि चुनौतियों का हल अपने आप हो जाता है। अगली सुबह, हम देखते हैं कि समाधान खुद ब खुद हो गया है।’
