Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में भारी बारिश जारी है। उत्तराखंड के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तेज बारिश को देखते हुए चारधाम यात्रा को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। अगर मौसम सही रहा तो सोमवार से यात्रा शुरू हो सकती है।
चारधाम यात्रा स्थगित
उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए चारधाम यात्रा कल यानि 7 जुलाई के लिए स्थगित कर दी गई है। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
पिथौरागढ़ में भूस्खलन
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के बीच कई जगहों पर भूस्खलन की खबरें भी सामने आई हैं। कई सड़कों पर मलबा आने से उनका संपर्क टूट गया है। पिथौरागढ़ में भी भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। यहां गंगोलीहाट घाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाली के पास भूस्खलन हो गया है। भूस्खलन की वजह से मलबा आने से रोड बंद हो गया। रोड पर सैकड़ों वाहन फंसने से लंबा जाम लग गया है। वहीं सड़क से मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। बुलडोजर से रोड को खोलने का तेजी से काम किया जा रहा है।
उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
IMD ने अपने मौसम पूर्वानुमान में बताया कि राज्य में रविवार को भी भारी बारिश हो सकती है। 8 जुलाई को राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की भी संभावना है। इसके लिए कुछ जिलों के रेड अलर्ट तो कुछ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
