देश

अमेरिका ने पिछले साल भारतीय छात्रों को जारी किए रिकॉर्ड 1.40 लाख वीजा, आगे है बड़ा प्लान

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 29, 2023, 10:27 AM IST

अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि हमने कई मामलों में साक्षात्कार खत्म कर दिया, इसलिए उन भारतीय छात्रों का कोई साक्षात्कार नहीं होगा जो पहले ही यात्रा कर चुके हैं।

Image

भारतीय छात्रों को अमेरिका का वीजा

Photo : PTI

US Visa for Indians: भारत से संबंधों को बढ़ावा देने के बाइडन प्रशासन के प्रयासों के तहत अमेरिका ने पिछले साल भारतीय छात्रों को 1,40,000 से अधिक वीजा जारी किए और वीजा नियुक्ति प्रतीक्षा अवधि को कम करने के लिए कई कदम उठा रहा है। पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में वीजा सेवाओं के लिए राज्य की उप सहायक सचिव जूली स्टफट ने कहा कि भारत में अमेरिकी मिशन यह सुनिश्चित करने के लिए सप्ताह में छह-सात दिन काम करते हैं कि कक्षाएं शुरू होने से पहले ही छात्रों का साक्षात्कार लिया जा सके।

भारत की बढ़ती मांग पूरी करने पर ध्यान

उन्होंने कहा, इस साल अमेरिका ने भारत की बढ़ती मांग पर ध्यान केंद्रित करने के लिए बड़ा प्रयास किया है। इस साल हमने भारत में जो किया है उस पर हमें वाकई में गर्व है। मुझे लगता है कि इतिहास में पहली बार हमने भारत में दस लाख वीजा जारी करने का लक्ष्य रखा था और न केवल हमने इसे पूरा किया, बल्कि कई महीनों में ऐसा किया भी गया। इसलिए, इसकी संख्या इससे कहीं आगे जाएगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका जाने के लिए भारत में आवेदन करने वाले कामगारों, छात्रों के लिए इस साल रिकॉर्ड आवेदन हैं।

भारत विदेशी छात्रों का सबसे बड़ा स्रोत

स्टफट ने आगे कहा, हमने विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया कि हम उन छात्रों को देखें जो भारत से बाहर जाकर आवेदन कर रहे थे। भारत अब अमेरिका में विदेशी छात्रों के लिए सबसे बड़ा स्रोत देश है, साथ ही कई अन्य वीजा श्रेणियों में भी आगे है। यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हमने कई मामलों में साक्षात्कार खत्म कर दिया, इसलिए उन भारतीय छात्रों का कोई साक्षात्कार नहीं होगा जो पहले ही यात्रा कर चुके हैं और अब वापस अमेरिका जा रहे हैं।

कक्षाए शुरू होने से पहले इंटरव्यू

उन्होंने कहा, पिछले साल अमेरिका ने भारतीय छात्रों को रिकॉर्ड 1,40,000 से अधिक वीजा जारी किए। भारत में आवेदन करने वाले छात्रों के लिए सबसे बड़ी बात यह है कि वहां के मिशनों ने छह-सात दिन काम किया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनकी कक्षाएं शुरू होने से पहले सभी का साक्षात्कार लिया जा सके। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हर किसी को मौका मिले। स्टफट ने कहा कि अमेरिका, भारत में वीजा नियुक्ति प्रतीक्षा समय को कम करने के लिए कई कदम उठाने पर काम कर रहा है, जो अभी भी थोड़ा अधिक है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article