देश

पीएम मोदी को बधाई देने वालों में जुड़ा अमेरिकी राष्ट्रपति का नाम, जो बाइडन ने भारत के लिए कह दी ये बड़ी बात

Joe Biden Congratulate Modi: लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को मिली जीत पर विश्व के नेताओं ने नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। इनमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, श्रीलंका, मालदीव, ईरान और सेशेल्स के राष्ट्रपतियों और नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, म्यांमा और मॉरीशस के प्रधानमंत्रियों के नाम शामिल हैं।

Image

जो बाइडन ने पीएम मोदी को दी बधाई।

Photo : Times Now Digital

World Leaders on Modi: भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को लोकसभा चुनाव में मिली जीत को लेकर विश्व के 50 से अधिक नेताओं ने निवर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। राजग को बहुमत मिलने के बाद मोदी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने बधाई संदेश में भारत से बढ़ती मित्रता का जिक्र किया। इसके साथ ही श्रीलंका, मालदीव, ईरान और सेशेल्स के राष्ट्रपतियों और नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, म्यांमा तथा मॉरीशस के प्रधानमंत्रियों ने मोदी को बधाई संदेश भेजे हैं।

जो बाइडन ने मोदी को इस अंदाज में दी बधाई

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को उनकी जीत पर बधाई, तथा इस ऐतिहासिक चुनाव में लगभग 650 मिलियन मतदाताओं को बधाई। हमारे देशों के बीच मित्रता और भी बढ़ रही है, क्योंकि हम असीमित संभावनाओं वाले साझा भविष्य को खोल रहे हैं।'

पीएम मोदी के लिए चीन ने दिया ये बधाई संदेश

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी ‘एक्स’ एक पोस्ट में मोदी को बधाई दी और कहा कि बीजिंग 'स्वस्थ एवं स्थिर चीन-भारत संबंध' की उम्मीद कर रहा है'। सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राजग गठबंधन की जीत को 'ऐतिहासिक' बताते हुए कहा कि वह अगले वर्ष दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ मनाने के लिए भारत के अपने समकक्ष के साथ मिलकर काम करने के आकांक्षी हैं।

जापान, इटली, कोरिया ने मोदी के लिए क्या कहा?

जी-20 देशों में इटली और जापान के प्रधानमंत्रियों तथा दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने चुनावी जीत पर मोदी को बधाई दी है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने ‘एक्स’ पर कहा, 'चुनाव में जीत पर नरेंद्र मोदी को बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं। मुझे पूरा विश्वास है कि हम इटली और भारत की मित्रता को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे तथा विभिन्न मुद्दों पर सहयोग को और मजबूत करेंगे।'

भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने भी मोदी और राजग को जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, 'मोदी, भाजपा और भाजपा नीत राजग को लोकसभा चुनाव में जीत पर बधाई। चीन-भारत के बीच सुदृढ़ और स्थिर संबंध के लिए भारतीय पक्ष के साथ संयुक्त प्रयास करने की उम्मीद है।'

नाइजीरिया, केन्या, कोमोरोस के राष्ट्रपतियों ने दी बधाई

अफ्रीका से लेकर नाइजीरिया, केन्या, कोमोरोस के राष्ट्रपतियों ने मोदी को बधाई संदेश भेजे हैं। कैरेबियाई द्वीप समूह से जमैका, बारबाडोस, गुयाना के नेताओं ने भी मोदी को बधाई संदेश भेजे हैं। मलेशिया के प्रधानमंत्री उन दक्षिण पूर्व एशियाई नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने मोदी को बधाई दी। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने अपने संदेश में कहा कि वह मोदी के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं। मुइज्जू ने ‘एक्स’ पर कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा और भाजपा नीत राजग को 2024 के आम चुनाव में लगातार तीसरी बार सफलता मिलने पर बधाई।' उन्होंने कहा, 'मैं दोनों देशों की समृद्धि और स्थिरता के लिए अपने साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना चाहता हूं।'

रानिल विक्रमसिंघे ने अपने संदेश में कही ये बड़ी बात

श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने अपने संदेश में कहा कि वह द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा, 'निकटतम पड़ोसी होने के नाते श्रीलंका भारत के साथ साझेदारी को और मजबूत करने का इच्छुक है।' भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने भी मोदी के तीसरे कार्यकाल के दौरान भारत-भूटान संबंधों के और प्रगाढ़ होने की उम्मीद जताई। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, 'विश्व के सबसे बड़े चुनाव में लगातार तीसरी बार सफलता के लिए मेरे मित्र प्रधानमंत्री मोदी और राजग को बधाई। वह भारत को नई ऊंचाई पर ले जा रहे हैं। मैं दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।'

जेलेंस्की ने पीएम मोदी को दी जीत की बधाई

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भारत में दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनावों के सफलतापूर्वक संपन्न होने का स्वागत किया। उन्होंने कहा, 'भारत के संसदीय चुनाव में लगातार तीसरी जीत पर मोदी, भाजपा और भाजपा नीत राजग को बधाई। मैं भारत के लोगों के लिए शांति और समृद्धि की कामना करता हूं और हमारे देशों के बीच निरंतर सहयोग की उम्मीद करता हूं। हमारी साझेदारी निरंतर बढ़ती रहे।' जेलेंस्की ने कहा, 'विश्व में हर कोई वैश्विक मामलों में भारत की भूमिका के महत्व को स्वीकार करता है। यह महत्वपूर्ण है कि हम सभी मिलकर सभी देशों के लिए न्यायपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए काम करें। इस संबंध में, हम भारत को शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेते हुए देखने के लिए भी उत्सुक हैं।'

रूस-यूक्रेन युद्ध के संबंध में एक अंतरराष्ट्रीय शांति शिखर सम्मेलन 15-16 जून को स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट में आयोजित होना है। हाल में नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से जब पूछा गया कि क्या भारत शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेगा, तो उन्होंने कहा था, 'हमें स्विट्जरलैंड से निमंत्रण मिला है। हमने अभी इसमें शामिल होने के बारे में निर्णय नहीं लिया है।' मोदी इस सप्ताहांत तीसरी बार शपथ लेने की तैयारी में हैं। भाजपा को हालांकि चुनावों में बहुमत नहीं मिला, लेकिन पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 543 में से 293 सीट हासिल कीं। निचले सदन में बहुमत का आंकड़ा 272 है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article