देश

'मुझे मारने की कोशिश की गई': दिल्ली में पप्पू यादव की प्रेस कांफ्रेस में हंगामा, चाकू से हमले का दावा

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित आवास पर भीषण हंगामा हो गया।ये तब हुआ जब दिल्ली स्थित उनके आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति के कथित तौर पर चाकू लेकर पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई।

Image

पप्पू यादव की प्रेस कांफ्रेस में हंगामा। (फोटो- वीडियो ग्रैब/ ANI)

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित आवास पर रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामे की खबर है। दावा है कि प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जब सवाल-जवाब हो रहे थे तभी उनके समर्थकों और विरोधियों के बीच तीखी झड़प हो गई। इस दौरान एक व्यक्ति के कथित तौर पर चाकू लेकर पहुंचने और हमला करने का दावा किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बता दें कि पप्पू यादव ने संसद परिसर में किए गए हालिया विरोध-प्रदर्शन और उसे लेकर अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर सफाई देने के लिए प्रेस कांफ्रेंस बुलाई थी। प्रेस वार्ता के दौरान वह पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनके खिलाफ आपत्ति जतानी शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल गर्मा गया और बहस नारेबाजी में बदल गई। विरोधी गुट के नारे लगाने पर पप्पू यादव के समर्थकों ने भी जवाबी विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हुई, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हंगामा इतना बढ़ गया कि मौके पर कुर्सियां तक फेंकी जाने लगीं। इस दौरान पप्पू यादव समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करते रहे, लेकिन कुछ समय के लिए हालात बेकाबू हो गए। इसी बीच यह भी दावा किया गया कि हंगामे के दौरान एक व्यक्ति कथित तौर पर चाकू लेकर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसके पास से एक चाकू बरामद किया गया, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस या अन्य अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस बीच, हमला करने वाले शख़्स की तस्वीर भी सामने आई है।

हमले को लेकर क्या बोले चश्मदीद

इस हमले को लेकर मौके पर मौजूद पप्पू यादव के एक समर्थक ने बताया कि वे बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे,तभी अचानक तीन-चार लोग वहां आ गए। उन्होंने तुरंत चाकू से हमला कर दिया। जैसे ही चाकू चलाया गया,मैंने बिना सोचे-समझे अपना हाथ उनके सामने कर दिया और चाकू की धार मेरी उंगली को छू गई। वे हमला करते रहे।

वहीं उनके एक और समर्थक ने कहा कि जैसे ही उसने (हमलावर ने)पीछे से चाकू निकाला,हमने तुरंत मिलकर उसे काबू में कर लिया। अगर हमने उस समय उसे नहीं रोका होता,तो हो सकता है कि हमारे पप्पू-जी आज हमारे बीच न होते। पप्पू यादव लगातार जनता की सेवा कर रहे हैं।

मैं डरूंगा नहीं- पप्पू यादव

वहीं, इस हमले की कोशिश को लेकर सांसद पप्पू यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मेरे घर में मुझपर हमला हुआ। मुझे मारने की कोशिश की गई, वो (हमलावर) चाकू लेकर आया था। मैंने पहले ही कई FIR दर्ज कराई हैं। मेरे वकील भी यहां हैं। मैं डरूंगा नहीं। अगर कोई मुझे मारना चाहता है,तो मार दे।

क्या बोले पप्पू यादव के वकील

वहीं, इस पूरे वाकये को लेकर पप्पू यादव के वकील ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली पुलिस की नाकामी सामने आती है। यह दिल्ली पुलिस की साज़िश वाली हरकत को उजागर करता है,जिससे पता चलता है कि कैसे सत्ताधारी पार्टी के साथ मिलकर वे छह बार चुने गए सांसद के खिलाफ रची जा रही साज़िश में मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से हम लगातार सांसद जी के खिलाफ रची जा रही साज़िश के बारे में जानकारी दे रहे हैं और शिकायतें दर्ज करा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से ऐसे ट्वीट किए जा रहे हैं जिनमें उनका सिर काटने वाले को 51 लाख रुपये का इनाम देने की बात कही जा रही है। ऐसे में दिल्ली पुलिस से कई शिकायतों और पूरी सुरक्षा का भरोसा मिलने के बावजूद उन्होंने इतनी बड़ी भीड़ को संभालने के लिए बस तीन या चार पुलिसकर्मियों को तैनात किया। आज हमले के वक्त उनमें से केवल एक इंस्पेक्टर था। मीडियाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद, इन लोगों ने चाकू लहराए और बहुत बदतमीजी से पेश आए। यह पूरी तरह से निंदनीय और अमानवीय है। अब हम आगे की कार्रवाई करेंगे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article