Varun Gandhi on Corruption: सियासत में भ्रष्टाचार के मसले पर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी ने अपनी ही पार्टी की सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि यह करप्शन का वक्त चल रहा है। उन्होंने इसके साथ ही सवालिया लहजे में पूछा कि क्या आपको लगता है कि यह आपकी गलतियों की वजह से नहीं हो रहा है? वरुण ने इसके साथ ही यह दावा भी किया कि जो चप्पल उठाने की औकात नहीं रखते थे, वे आज पांच-पांच गाड़ियों के काफिले में चल रहे हैं।
ये बातें उन्होंने सोमवार (17 अप्रैल, 2023) को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र पीलीभीत के ललौरीखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र में हुए जन संवाद कार्यक्रम के दौरान कहीं। राजनीति में भ्रष्टाचार के संदर्भ में उन्होंने बिना किसी का नाम लिए ही कहा, "जो हमारे चप्पल उठाने की औकात नहीं रखते थे, वह आज पांच-पांच गाड़ियों के काफिले में चल रहे हैं...है कि नहीं?" बकौल गांधी, ‘‘जो लोग चुनाव के पहले और उसके बाद कालोनियां बनाते थे, वे अब पांच-पांच गाड़ियों के काफिले में चल रहे हैं।"
वह आगे बोले, "आज आप जब थाने जाते हैं तो रिश्वत देनी पड़ती है। पेंशन, कमरा, आवास लेने के लिए पैसे देने पड़ रहे हैं। यह जो पाप है, ये जो भ्रष्टाचार का समय चल रहा है, आपको क्या लगता है कि यह आपकी गलतियों की वजह से नहीं हो रहा है।’’
गांधी के मुताबिक, "जब भी चुनाव आता है तो लोग जाति-धर्म के आधार पर वोट देते हैं। लोग यह नहीं सोचते कि किसी अच्छे इंसान को जिताएं। लोग यह नहीं सोचते कि कट्टर ईमानदार को जिताएं। लोग यह सोचते हैं कि यह प्रत्याशी सहधर्मी है इसलिए इसके साथ चलो।" वैसे, वरुण का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ है, जिसके सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक तरह-तरह के मायने निकले जा रहे हैं। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
