Debendra Pradhan Death: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता देबेंद्र प्रधान का सोमवार को निधन हो गया, वह 84 वर्ष के थेउनके पुत्र धर्मेन्द्र प्रधान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली मौजूदा केंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओडिशा इकाई के पूर्व अध्यक्ष देबेंद्र प्रधान ने नयी दिल्ली में अंतिम सांस ली।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि देबेंद्र प्रधान एक लोकप्रिय जननेता और योग्य सांसद थे।माझी ने कहा, 'उन्होंने (देबेंद्र प्रधान ने) 1999 से 2001 तक केन्द्रीय परिवहन एवं कृषि मंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। एक जनप्रतिनिधि एवं सांसद के रूप में उन्होंने अनेक कल्याणकारी कार्य किए जिसके लिए उन्हें आम जनता का काफी स्नेह मिला। उन्होंने अपना पूरा जीवन सेवा और दृढ़ संकल्प की भावना के साथ राज्य के विकास के लिए समर्पित कर दिया।'
माझी ने कहा कि देश और राज्य ने देबेंद्र प्रधान के रूप में एक प्रतिष्ठित लोक सेवक खो दिया है। मुख्यमंत्री ने उनके बेटे से भी बात की और अपनी संवेदना व्यक्त की।
ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने कहा कि देबेंद्र प्रधान को उनके अद्वितीय संगठनात्मक कौशल और अडिग व्यक्तित्व के लिए हमेशा याद किया जाएगा। पटनायक ने कहा, 'डॉ. प्रधान के निधन से राज्य ने एक प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति और लोकप्रिय राजनेता खो दिया है।'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने शोक व्यक्त किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यालय ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता देबेन्द्र प्रधान के निधन से दुःखी हूं। मैं उन्हें कई वर्षों से जानती हूं, इसलिए मुझे सार्वजनिक सेवा के प्रति उनके समर्पण और लोगों की सेवा में उनकी लंबी अवधि के दौरान ओडिशा और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान को देखने का अवसर मिला। उनके पुत्र एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अन्य परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. देबेन्द्र प्रधान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सांसद और मंत्री के रूप में डॉ. देबेन्द्र प्रधान जी का योगदान गरीबी उन्मूलन और सामाजिक सशक्तिकरण पर जोर देने के लिए उल्लेखनीय है।
विपक्ष के उपनेता प्रसन्न आचार्य ने निधन पर शोक व्यक्त किया
ओडिशा में विपक्ष के उपनेता प्रसन्न आचार्य ने भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री देबेन्द्र प्रधान के निधन पर गहरी शोक व्यक्त की है और उनके ओडिशा के राजनीतिक परिदृश्य में किए गए योगदानों को याद किया।प्रसन्न आचार्य ने देबेन्द्र प्रधान की भूमिका को ओडिशा की गठबंधन राजनीति को आकार देने में महत्वपूर्ण बताया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि 1998 में बीजू बाबू के निधन के बाद बीजद और भाजपा के बीच गठबंधन हुआ था, जिसमें दिवंगत देबेन्द्र प्रधान का महत्वपूर्ण योगदान था। ओडिशा राज्य में उनकी भूमिका और गठबंधन राजनीति को सफल बनाने में उनके प्रयास हमेशा याद किए जाएंगे।
आचार्य ने आगे कहा कि उनका निधन केवल राजनीतिक नुकसान नहीं है, बल्कि यह ओडिशा के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन के लिए भी एक बड़ा आघात है। उनकी अनुपस्थिति ओडिशा की राजनीति और समाज के लिए गहरी क्षति होगी। मैं दिवंगत आत्मा को अपनी गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
