मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वांटेड यूक्रेनी नागरिक ओलेक्सांद्र जापिचेंको को रोमानिया से भारत लाया गया है। सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और ईडी के साथ मिलकर ओलेक्सांद्र के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कराई है। अब यहां उससे पूछताछ की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में सीबीआई ने नोडल एजेंसी की भूमिका निभाई वहीं, ईडी की टीम उसे भारत लेकर आई। ओलेक्सांद्र के प्रत्यर्पण और मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने विस्तार से जानकारी दी है।
ये पहली बार है जब देश में किसी विदेशी आरोपी का प्रत्यपर्ण करके भारत लाया जा रहा है। बता दें कि अकसर भारतीय आरोपी जो वांटेड होते हैं और विदेशों में छिपे होते है उनको एजेंसी प्रत्यापर्ण करके भारत लाती हैं। लेकिन इस बार मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वांटेड एक यूक्रेनी नागरिक को भारत लाया गया है।
हर हफ्ते 6 से 11 फीसदी तक मुनाफे का लालच
ईडी ने बताया कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर निवेशकों को हर हफ्ते 6 से 11 फीसदी तक मुनाफा देने का लालच देता था। इस झांसे में लेकर लोगों से बड़ी रकम निवेश कराई गई। जांच में पता चला कि कंपनी मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) की आड़ में पोंजी स्कीम चला रही थी। कंपनी ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की जरूरी मंजूरी लिए बिना निवेशकों से नकद में बड़ी रकम जुटाई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि निवेशकों से जुटाए गए पैसों को हवाला के जरिए इधर-उधर भेजा जाता था। बाद में इस रकम का इस्तेमाल क्रिप्टोकरेंसी USDT खरीदने में किया गया। ईडी के अनुसार, जापिचेंको की इस पूरे नेटवर्क में अहम भूमिका थी। वह निवेशकों से नकद में जुटाई गई रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने का काम करता था और बड़े स्तर पर नकद लेनदेन की व्यवस्था भी करता था।
जारी हुआ था रेड नोटिस
ईडी के अनुरोध पर सीबीआई के इंटरपोल विंग ने आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद रोमानिया की एजेंसियों ने उसे ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया। भारत की ओर से प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा गया, जिसे रोमानिया के अधिकारियों ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंजूरी दे दी।
रोमानिया से भारत लेकर आई ईडी की टीम
इसके बाद ईडी की एक टीम रोमानिया पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर भारत रवाना हुई। 17 नवंबर को टीम उसे लेकर मुंबई पहुंची। सीबीआई के मुताबिक,वह भारत में इंटरपोल का नेशनल सेंट्रल ब्यूरो है और भारतपोल के जरिए देश की जांच एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपराधियों को पकड़ने में मदद करता है। साल 2019 से अब तक इंटरपोल के साथ तालमेल कर 280 से ज्यादा वांटेड अपराधियों को विदेश से भारत वापस लाया जा चुका है।
