देश

फिर विवादों में खेडकर फैमिली, अगवा किया गया ट्रक ड्राइवर पूर्व IAS प्रोबेशनर पूजा खेडकर के घर से छुड़ाया गया

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रक एक SUV से टकरा गया, जिसके बाद कुमार और एसयूवी में सवार दो लोगों के बीच बहस हो गई। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद एसयूवी सवार लोगों ने प्रहलाद कुमार को पुलिस थाने ले जाने के बहाने जबरन अपने वाहन में बिठा लिया और मौके से फरार हो गए।

Image

पुणे पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को पूजा खेडकर के घर से छुड़ाया (File photo: PTI)

Abducted Truck Driver Rescued From Puja Khedkar's House: नवी मुंबई में रोड रेज की घटना के बाद कथित तौर पर अपहृत एक ट्रक चालक को पुणे में पूर्व आईएएस प्रोबेशनर पूजा खेडकर के घर से मुक्त कराया गया है। यह जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी। खेडकर पर सिविल सेवा परीक्षा में धोखाधड़ी करने तथा गलत तरीके से ओबीसी और दिव्यांग कोटा का लाभ लेने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि कथित अपहरण शनिवार की शाम को नवी मुंबई टाउनशिप में मुलुंड-ऐरोली रोड पर हुआ, जब प्रहलाद कुमार (22) अपना कंक्रीट मिक्सर ट्रक चला रहा था।

एसयूवी से टकरा गया था ट्रक

रबाले पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रक एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन से टकरा गया, जिसके बाद कुमार और एसयूवी में सवार दो लोगों के बीच बहस हो गई। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद एसयूवी सवार लोगों ने प्रहलाद कुमार को पुलिस थाने ले जाने के बहाने जबरन अपने वाहन में बिठा लिया और मौके से फरार हो गए। ट्रक के मालिक की शिकायत के आधार पर रविवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) (अपहरण) के तहत दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बाद में एसयूवी को पुणे में पाया।

गाड़ी और पीड़ित पूजा खेडकर के बंगले में मिले

अधिकारी ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नवी मुंबई पुलिस को पता चला कि प्रहलाद कुमार को पुणे ले जाया गया था, जिसके बाद रविवार को एक टीम वहां गई। अधिकारी ने कहा कि हमें गाड़ी और पीड़ित, पूजा खेडकर के बंगले में मिले। उन्होंने बताया कि शुरुआत में खेडकर की मां ने पुलिस को घर में घुसने से कथित तौर पर रोका और उनसे झगड़ा किया। उनके अनुसार, बाद में पुलिस का दल घर में घुसने में कामयाब रहा। उन्होंने कुमार को वहां से मुक्त कराया गया और उन्हें नवी मुंबई वापस लाया गया।

खेडकर की मां को पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस

अधिकारी ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने खेडकर की मां को पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस जारी किया है। पुलिस ने कहा कि अपहरणकर्ताओं की पहचान और उनके मकसद का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। खेडकर पर 2022 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के लिए अपने आवेदन में आरक्षण का लाभ उठाने के लिए गलत तथ्य प्रस्तुत करने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने अपने खिलाफ लगे सभी आरोपों का खंडन किया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article