Tripura, Nagaland and Meghalaya Election Results 2023: नॉर्थ ईस्ट (उत्तर पूर्वी भारत) के तीन सूबों में आज (दो मार्च, 2023) विधानसभा चुनाव के परिणाम आएंगे। इसी के साथ यह साफ हो जाएगा कि इस बार त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में किसकी सरकार बनेगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इन तीनों राज्यों में सुबह ठीक आठ बजे वोटों की गिनती शुरू होगी, जबकि थोड़ी देर बाद ही शुरुआती रुझान आने लगेंगे, जिनसे संकेत मिलने लगेंगे कि किस जगह पर कौन सी पार्टी की सरकार बन सकती है।
हालांकि, ये सिर्फ रुझान (ट्रेंड्स) होंगे, पर दोपहर बाद तक लगभग तीनों प्रदेशों में चुनावी नतीजों को लेकर तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। इस बीच, मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) के अनुसार, तीनों सूबों में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को होने वाली मतगणना से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।
त्रिपुरा में 60 विधानसभा सीटें हैं। 16 फरवरी को वहां वोट डाले गए थे। 23.13 लाख वोटर्स में से 89.90% ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। साल 2013 और 2018 के वहां क्रमश: 91.82% और 89.38% वोटिंग हुई थी। सोहियोंग निर्वाचन क्षेत्र (मेघालय में) में एक उम्मीदवार के निधन के बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया।
वहीं, नागालैंड (60 विस सीटें) के 13.16 लाख मतदाताओं में से कुल 85.90% और मेघालय (60 विस सीटें) के 21.75 लाख मतदाताओं में से 85.17% ने सोमवार को पूर्वोत्तर के दो राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। 2018 के विधानसभा चुनाव में नागालैंड में मतदान प्रतिशत 83.85 प्रतिशत और मेघालय में 85.59 प्रतिशत था।
उधर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक रोज पहले मंगलवार (28 फरवरी, 2023) को दावा किया था कि त्रिपुरा, नगालैंड या मेघालय में से किसी में भी त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगा। हालांकि, कुछ चुनाव के बाद आए सर्वे में त्रिपुरा और मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा होने का अनुमान जताया गया था। (ANI, PTI, Bhasha और IANS इनपुट्स के साथ)
