देश

आतंकी संगठन TRF ने ली रियासी आतंकी हमले की जिम्मेदारी, सोशल मीडिया पर डाला पोस्ट

आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) पहले भी कश्मीर में आतंकी हमलों को अंजाम दे चुका है। ये आतंकी संगठन 2019 में वजूद में आया था।

Image

रियासी में आतंकी हमला

Reasi Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के रियासी में हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन TRF यानी द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ली है। टीआरएफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली है। रियासी आतंकी हमले में 9 लोगों की मौत हुई है और 33 घायल हुए हैं। आतंकियों को पकड़ने के लिए सेना ने सर्च अभियान शुरू किया है और एनआई भी मामले की जांच में लगी है।

आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) पहले भी कश्मीर में आतंकी हमलों को अंजाम दे चुका है। ये आतंकी संगठन 2019 में वजूद में आया था। गृह मंत्रालय इस पर प्रतिबंध भी लगा चुकी है। बताते हैं कि टीआरएफ हाफिज सईद के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ है। टीआरएफ सिर्फ एक चेहरा है और इन हमलों को लश्कर के आतंकी ही अंजाम देते हैं।

व्यापक खोज अभियान शुरू

अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन और खोजी कुत्तों समेत निगरानी उपकरणों से लैस सुरक्षा बलों ने जिले और आसपास के इलाकों में व्यापक खोज अभियान शुरू किया है। सूत्रों ने बताया कि हमले में शामिल आतंकवादियों के राजौरी और रियासी के ऊपरी इलाकों में छिपे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि इस इलाके में घने जंगल और गहरी खाइयां हैं। रियासी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने बताया कि इलाके में खोज अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ग्राम रक्षा समितियों को भी तैयार कर लिया गया है।

हमले में दो आतंकी शामिल

हमले के पीछे दो पाकिस्तानी आतंकवादियों का हाथ माना जा रहा है। ये वही आतंकी समूह है जिसने कुछ सप्ताह पहले राजौरी में भारतीय वायु सेना के वाहन पर घात लगाकर हमला किया था। इस आतंकी समूह ने गुफाओं के ठिकानों से संचालन के लिए विशेष प्रशिक्षण हासिल किया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article