देश

बंगाल में थम नहीं रही हिंसा, रिसड़ा रेलवे स्टेशन पर पथराव के बाद हावड़ा-बर्धमान रूट पर ट्रेनों का संचालन बंद

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Apr 4, 2023, 06:58 AM IST

West Bengal Violence : बंगाल की हिंसा पर भाजपा सत्तारूढ़ ममता सरकार पर हमलावर है। भाजपा का आरोप है कि बंगाल में हुई हालिया हिंसा राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा रचे गए एक सुनियोजित षड्यंत्र का परिणाम थी और उनके इस्तीफे की मांग की।

Image

रिसड़ा रेलवे स्टेशन पर पथराव के बाद ट्रेनों का संचालन बंद।

Photo : ANI

West Bengal Violence : पश्चिम बंगाल में हिंसा थम नहीं रही है। रामनवमी के मौके पर हावड़ा, हुगली सहित कई जगहों पर शुरू हुआ हिंसा का दौर अभी जारी है। ऐसा लगता है कि उपद्रवियों में कानून-व्यवस्था का कोई डर नहीं है। वे पत्थरबाजी पर उतारू हैं। पत्थरबाजी की एक और घटना सोमवार को रिसड़ा रेलवे स्टेशन पर हुई। पूर्वी रेलवे के सीपीआरओ कौशिक मिरोन ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए हावड़ा-बर्धमान मेन लाइन पर सभी लोकल एवं मेल एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन रोक दिया गया है।

ममता ने अल्पसंख्यकों की रक्षा करने की अपील की

इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘हिंदू भाइयों’से अल्पसंख्यकों की रक्षा करने का आह्वान करते हुए दावा किया कि बृहस्पतिवार को जब देश हनुमान जयंती मना रहा होगा तो राज्य में एक और दौर की हिंसा का षड्यंत्र है। ममता ने दावा किया कि हिंसा भड़काने के लिए त्योहार खत्म होने के पांच दिन बाद भी हथियार और बम रखने वाले राजनीतिक कार्यकर्ता अल्पसंख्यक क्षेत्रों में जानबूझकर रामनवमी की शोभायात्रा निकाल रहे हैं।

टीएमसी पर हमलावर है भाजपा

वहीं, बंगाल की हिंसा पर भाजपा सत्तारूढ़ ममता सरकार पर हमलावर है। भाजपा का आरोप है कि बंगाल में हुई हालिया हिंसा राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा रचे गए एक सुनियोजित षड्यंत्र का परिणाम थी और उनके इस्तीफे की मांग की। पार्टी के दो अन्य सांसदों के साथ भाजपा मुख्यालय में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए हुगली से सांसद लॉकेट चटर्जी ने इस संबंध में केंद्र से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया और हिंसा की राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जांच कराने की भी मांग की।

रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान दो समूहों में हुई झड़प

हुगली जिले के हिंसा प्रभावित रिसड़ा और सेराम्पोर में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है, लेकिन कुछ इलाकों में निषेधात्मक आदेश लागू हैं तथा इंटरनेट सेवा पर रोक सोमवार को भी जारी रही। चंदननगर पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान दो समूहों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article