देश

Top News, 13 May 2023: कर्नाटक में चुनावी नतीजों के बाद बोली कांग्रेस- PM मोदी की हुई हार, सिद्धरमैया बोले- हम अपने बूते बनाएंगे सरकार

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated May 13, 2023, 12:43 PM IST

Top News, 13 May 2023: इस बीच, सुरक्षा बलों ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया, जबकि पाकिस्तानी जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में कराची की एक जेल में बंद 198 भारतीय मछुआरों को पाकिस्तानी प्राधिकारियों ने रिहा कर दिया और उन्हें वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

Top News, 13 May 2023: कर्नाटक में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शनिवार (13 मई, 2023) को दोपहर 12 बजे के आसपास हार मान ली। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस बात का आकलन करेगी कि आखिरकार गलती कहां हुई और उनसे सबक लेंगे। 2024 में वे लोग नई तैयारी के साथ उतरेंगे। कांग्रेस के सीनियर नेता सिद्धरमैया ने इससे कुछ देर पहले मीडिया को बताया कि पार्टी 224-सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा में 120 से अधिक सीट जीतकर अपने दम पर सत्ता में आएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं के चुनावी दौरों का राज्य के मतदाताओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। लोग बदलाव चाहते हैं और उन्होंने उसी के अनुसार अपना फैसला सुनाया है।

करीब 22 महीने पहले जब भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने बासवराज बोम्मई के हाथ में कर्नाटक की कमान सौंपी थी। तो उन्हें 2023 के चुनावों में गुजरात जैसे चमत्कार की उम्मीद थी। लेकिन आज (13 मई) को जो नतीजे आ रहे हैं, उसे साफ है कि दक्षिण का द्वारा BJP के हाथ से निकल गया है। और एक बार फिर कांग्रेस के हाथ में सत्ता पहुंचने जा रही है। रुझानों से साफ है कि कर्नाटक में भाजपा को बोम्मई प्रयोग नहीं चला

वहीं, यूपी के नगर निकाय चुनाव में दोपहर साढ़े 12 बजे तक 17 सीटों में 16 पर बीजेपी आगे थी, जबकि एक पर बसपा थी। वहीं, सपा और कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकीं। विधानसभा उपचुनाव के रूझानों की बात करें तो भाजपा की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) और समाजवादी पार्टी (सपा) एक-एक सीट पर आगे थी। निर्वाचन आयोग की साइट से मिली जानकारी के अनुसार, छानबे (अनुसूचित जाति) सीट पर सपा की कीर्ति कोल अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अपना दल (सोनेलाल) की रिंकी कोल से 3,082 मतों से आगे थी। स्‍वार में अपना दल (सोनेलाल) के शफीक अहमद अंसारी सपा की अनुराधा चौहान से 4,499 मतों से आगे थे। उत्तर प्रदेश में रामपुर जिले की स्वार और मिर्जापुर जिले की छानबे (एससी) विधानसभा सीटों के लिए 10 मई को मतदान हुआ था।

इस बीच, भ्रष्टाचार और राजस्थान में सरकारी भर्ती परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की ‘जन संघर्ष यात्रा’ शनिवार को तीसरे दिन जयपुर के दूदू कस्बे से शुरू हुई। कांग्रेस से असंतुष्ट नेता सचिन पायलट ने बृहस्पतिवार को अपनी 125 किलोमीटर की अजमेर-जयपुर ‘जन संघर्ष यात्रा’ शुरू की और इस यात्रा में उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हैं। राज्‍य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस यहां अपनी फिर से अपनी सरकार बनाने की उम्‍मीद कर रही है।

वहीं, जी7 समूह के वित्त मंत्रियों ने शनिवार को यूक्रेन को सहायता प्रदान करने का वादा किया और रूस पर प्रतिबंध लगाने की प्रतिबद्धता जताई। जापान के निगाता में जी7 समूह के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक प्रमुखों की तीन-दिवसीय वार्ता समाप्त हो गई है। समूह ने एक बयान जारी कर महंगाई को काबू करने और कीमतें बढ़ने से सबसे अधिक मुश्किलों का सामना करने वालों को मदद प्रदान करने का वादा किया। उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों के विकास के लिए अधिक स्थिर, विविध आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण में सहयोग करने और “विभिन्न समस्याओं से निपटने के लिए वैश्विक स्तर पर आर्थिक लचीलापन बढ़ाने” की प्रतिबद्धता भी जताई।

उधर, अमेरिका और कनाडा के 200 से अधिक सिनेमाघरों में शुक्रवार को विवादित फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ रिलीज हुई। निर्देशक सुदीप्तो सेन ने कहा है कि यह फिल्म एक मिशन है, जो सिनेमा की रचनात्मक सीमाओं से परे है। सेन ने डिजिटल संवाददाता सम्मेलन के दौरान भारतीय और अमेरिकी पत्रकारों के समूह से कहा, “देश केरल राज्य में लंबे समय से जारी समस्या को अनदेखा कर रहा था। ‘द केरल स्टोरी’ एक मिशन है, जो सिनेमा की रचनात्मक सीमाओं से परे है, एक ऐसा आंदोलन है जिसे दुनिया भर के लोगों तक पहुंचना चाहिए और जागरूकता बढ़ानी चाहिए।” फिल्म के निर्माता विपुल शाह ने कहा, ‘‘फिल्म में जो दिखाया गया है, उसे लोगों से छिपाया गया था और इसे बताया जाना चाहिए था। हमने दुनिया भर में इस बारे में चर्चा शुरू करने के लिए फिल्म बनाई।’’

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article