बिजनेस

रुपये में 5 दिन से जारी तेजी पर लगा ब्रेक, डॉलर के मुकाबले 30 पैसे टूटकर इतने पर बंद

भारतीय रुपये में जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया। शेयर बाजार में भारी गिरावट का असर रुपये पर हुआ। रुपया लुढ़कर बंद हुआ।

Image

भारतीय रुपये में गिरावट,

घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली के बीच सोमवार को रुपये की पांच दिन से जारी तेजी थम गई और यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 30 पैसे लुढ़ककर 92.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिकी मुद्रा की कमजोरी भी स्थानीय मुद्रा को सहारा देने में नाकाम रही। वैश्विक शेयर बाजारों में आई बड़ी गिरावट के चलते रुपये को दबाव का सामना करना पड़ा।

मजबूती के साथ खुला था रुपया

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.47 पर खुला और शुरुआती कारोबार में 92.43 के स्तर तक चढ़ गया। हालांकि, बाद में इसने अपनी बढ़त गंवा दी और दिन के निचले स्तर 93.11 तक लुढ़कने के बाद अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने पिछले बंद भाव से 30 पैसे टूटकर 92.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

रुपया शुक्रवार को लगातार पांचवें सत्र में मजबूत हुआ था और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 70 पैसे की बढ़त के साथ 92.62 पर बंद हुआ था।

शेयर बाजार में गिरावट से बढ़ा दबाब

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में तेज गिरावट के चलते रुपये ने सुबह की बढ़त गंवा दी। हालांकि, अमेरिकी डॉलर में नरमी और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट ने रुपये की बड़ी गिरावट को कुछ हद तक थामे रखा।

चौधरी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 92.70 रुपये से 93.30 के दायरे में रहने का अनुमान है।

डॉलर इंडेक्स में गिरावट

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.69 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.53 प्रतिशत गिरकर 92.08 डॉलर प्रति बैरल पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 10,308.42 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article