देश

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद बदले ममता बनर्जी के सुर, अब बोलीं- जहां मजबूत होगी CONG वहां करेंगे समर्थन

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 15, 2023, 08:18 PM IST

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत के दो दिन बाद ममता बनर्जी ने सोमवार को संकेत दिया कि उनकी पार्टी उन राज्यों में कांग्रेस का समर्थन करेगी, जहां वो मजबूत होगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस को उनका समर्थन चाहिए तो उन्हें टीएमसी के प्रति भी यही रवैया अपनाना चाहिए।

Image

ममता बनर्जी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के दिए संकेत

Photo : PTI

कर्नाटक में कांग्रेस के जीतने के बाद अब उसे उन विपक्षी पार्टियों का भी समर्थन मिलने लगा है, जो कभी उसके साथ गठबंधन के बिना 2024 के लोकसभा चुनाव को लड़ने की तैयारी कर रहे थे। बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) पहले ऐसे संकेत दे चुकी थीं, लेकिन अब कर्नाटक जीत के बाद उनके सुर बदले दिख रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि वो कांग्रेस का वहां सपोर्ट करेंगी, जहां वो मजबूत होगी।

क्या कहा ममता बनर्जी ने

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत के दो दिन बाद ममता बनर्जी ने सोमवार को संकेत दिया कि उनकी पार्टी उन राज्यों में कांग्रेस का समर्थन करेगी, जहां वो मजबूत होगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस को उनका समर्थन चाहिए तो उन्हें टीएमसी के प्रति भी यही रवैया अपनाना चाहिए। उन्होंने सोमवार को कह-, "जहां भी कांग्रेस अपने-अपने राज्यों में मजबूत है, उसे लड़ना चाहिए और हम उनका समर्थन करेंगे। हालांकि, कांग्रेस को अन्य राजनीतिक दलों को भी इसी तरह का समर्थन दिखाना चाहिए।"

'देना होगा बलिदान'

ममता बनर्जी ने आगे कहा कि नीति उस तरह नहीं चल सकती जैसे कर्नाटक में टीएमसी आपका समर्थन करती है और आप बंगाल में मेरे खिलाफ जाते हैं। अगर आप कुछ अच्छा हासिल करना चाहते हैं, तो आपको कुछ क्षेत्रों में बलिदान देना होगा।

'कांग्रेस 200 सीटों पर मजबूत'

बनर्जी ने कहा कि टीएमसी के हिसाब से कांग्रेस 200 सीटों पर मजबूत है। उत्तर प्रदेश के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा- "यूपी में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी मजबूत है, इसलिए हमें इसका समर्थन करना चाहिए। हालांकि, मैं यह नहीं कह रही हूं कि कांग्रेस को वहां नहीं लड़ना चाहिए। हम उस सब पर चर्चा कर सकते हैं।"

क्षेत्रीय दलों को मिले प्राथमिकता

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें उम्मीद है कि सीट बंटवारे के फार्मूले में उन क्षेत्रों में क्षेत्रीय दलों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां वे मजबूत हैं। ममता बनर्जी ने इससे पहले कर्नाटक में भाजपा के सत्ता गंवाने के बाद वहां के लोगों को सलाम किया था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article