देश

तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को घुसपैठ, हिंदुओं पर हमले, महिलाओं के अपमान का केंद्र बना दिया है, अमित शाह का ममता बनर्जी पर निशाना

अमित शाह ने कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को घुसपैठ, हिंदुओं पर हमले, महिलाओं के अपमान का केंद्र बना दिया है।

Image

अमित शाह का टीएमसी पर निशाना (File photo)

Photo : ANI

Amit Shah in Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान ममता सरकार और टीएमसी पर जमकर हमला बोला। अमित शाह ने कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को घुसपैठ, हिंदुओं पर हमले, महिलाओं के अपमान का केंद्र बना दिया है। ममता दीदी का मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यकाल 2026 में खत्म होने वाला है, भाजपा बंगाल में अगली सरकार बनाएगी।

आतंकवादी हमले में बंगाल के पर्यटकों की मौत पर ममता बनर्जी चुप

अमित शाह ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में बंगाल के पर्यटकों की मौत पर ममता बनर्जी चुप रहीं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की आलोचना करके ममता बनर्जी देश की माताओं और बहनों का अपमान कर रही हैं। बंगाल की माताएं, बहनें ऑपरेशन सिंदूर की आलोचना करने के लिए ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस को 2026 के चुनावों में सबक सिखाएंगी। शाह ने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल में घुसपैठ कभी नहीं रोक सकतीं, केवल भाजपा ही ऐसा कर सकती है।

ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है

भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ममता बनर्जी पाकिस्तानी आतंकवादियों का जितना चाहें उतना पक्ष लें, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि यह पीएम मोदी की सरकार है और ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। जो कोई भी हिम्मत करेगा, उसे उचित जवाब दिया जाएगा।

कहा- मुर्शिदाबाद में हाल में हुए दंगे राज्य प्रायोजित

शाह ने यह भी आरोप लगाया कि मुर्शिदाबाद में हाल में हुए दंगे राज्य प्रायोजित थे। उन्होंने कहा, मुस्लिम वोट बैंक को खुश करने के लिए ममता दीदी ने ऑपरेशन सिंदूर का विरोध किया। ऐसा करके वह इस देश की माताओं और बहनों का अपमान कर रही हैं। 2026 (विधानसभा चुनाव) में राज्य की माताएं और बहनें ऑपरेशन सिंदूर की आलोचना करने के लिए मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस को सबक सिखाएंगी। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने हाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पर ऑपरेशन सिंदूर का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।

अप्रैल में मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा को लेकर शाह ने दावा किया कि दंगों में तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। शाह ने आरोप लगाया, मुर्शिदाबाद दंगे राज्य प्रायोजित थे। मुर्शिदाबाद दंगों के दौरान गृह मंत्रालय बीएसएफ की तैनाती पर जोर देता रहा, लेकिन तृणमूल सरकार ने ऐसा नहीं होने दिया, ताकि हिंसा जारी रहे। वक्फ कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान मुर्शिदाबाद में हुए सांप्रदायिक दंगों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

वक्फ कानून का विरोध करने के लिए ममता की आलोचना

गृह मंत्री ने वक्फ संशोधन अधिनियम का विरोध करने के लिए भी बनर्जी की आलोचना की। शाह ने कहा, ममता बनर्जी तुष्टीकरण की राजनीति के लिए इस कानून के खिलाफ हैं। तृणमूल कांग्रेस पर बांग्लादेश से अवैध घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा, ममता बनर्जी ने बांग्लादेशियों के लिए बंगाल की सीमाएं खोल दी हैं। वह घुसपैठ को कभी नहीं रोक सकतीं, केवल भाजपा ही ऐसा कर सकती है। घुसपैठ रोकने में बीएसएफ की विफलता की तृणमूल की आलोचना का जवाब देते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार ने बीएसएफ को जरूरी जमीन नहीं दी है।

उन्होंने कहा, एक बार तृणमूल सरकार बीएसएफ को जरूरी जमीन दे दे, तो हम घुसपैठ रोक देंगे। शाह ने दावा किया, लेकिन, बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी कभी भी बीएसएफ को जमीन नहीं देगी, क्योंकि वह चाहती है कि घुसपैठ जारी रहे ताकि वह सत्ता में बनी रहे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article