बिहार (Bihar) में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा एके-47 से फायरिंग करने के मामले पर अब राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी ने सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने कहा है कि ये छात्र हैं, आतंकवादी नहीं, जो एके-47 चलाया जा रहा है। वहीं राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली में पैलेट गन और बिहार में एके-47 छात्रों पर चलाई जा रही है। सरकार का वादा क्या हुआ?
क्या बोले राहुल गांधी?
राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, "छात्रों के खिलाफ पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा है। खबर आ रही है कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार करके उनपर FIR की जा रही है। मोदी जी, कहां गया आपका वादा कि छात्रों पर कोई FIR नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा? उल्टा उनपर घातक हमले और बर्बरता की जा रही है। दिल्ली में छात्रों पर पैलेट गन चली और बिहार में AK-47। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार हो या दिल्ली - हर जगह पैटर्न एक ही है। पहले भी कहा है, ये सरकार झूठी है। सुधार इनके बस का नहीं है। अपनी बातों से मुकर जाएगी और हर तरकीब से छात्रों की आवाज दबाएगी। मोदी जी, देश के छात्रों से माफी मांगिए। और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उन्हें कुचला है उनपर कार्रवाई कीजिए, छात्रों पर नहीं।"
प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला
प्रियंका गांधी ने इस मामले पर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि "बिहार और पश्चिम बंगाल में छात्रों पर FIR की जा रही है। मैंने ये भी सुना है कि जो लड़कियां प्रोटेस्ट में गई थीं, उनके घर फोन कर उनके परिवार को धमकाया जा रहा है। बच्चों के ऊपर पैलेट गन और AK-47 चलाई जा रही है- वो छात्र हैं, आतंकवादी नहीं।"
किसने दिया AK-47 के इस्तेमाल की इजाजत?
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, "...गृह मंत्री कहां हैं? वे कहां छिपे हैं? उन्हें लोकसभा में आकर जवाब देना होगा कि बिहार में AK-47 और दिल्ली में पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया। वे जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं?..."
डिंपल यादव ने भी सरकार को घेरा
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा ने कहा कि हम भाजपा के शासन में देख रहे हैं कि कैसे युवाओं पर अत्याचार नहीं रुक रहा है। बिहार में अगर AK-47 की घटना हुई है तो यह एक निंदनीय घटना है। लोकतंत्र में रहकर लोगों की स्पिरिट को मारा जा रहा है।
