Jagdeep Dhankhar's Resignation: राज्यसभा में विपक्ष के नेता औरकांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को केंद्र सरकार से पूछा कि आखिर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा क्यों दिया। दरअसल, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने सोमवार की शाम अचानक खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। जिसको लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अधिसूचना भी जारी की है।
इस्तीफे पर लगातार उठ रहे सवाल
कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियां लगातार उपराष्ट्रपति धनखड़ के अचानक इस्तीफे को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इस बीच, समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ''सरकार को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने इस्तीफ़ा क्यों दिया... मुझे लगता है कि दाल में कुछ काला है। उनका स्वास्थ्य ठीक है... वह हमेशा आरएसएस और भाजपा का बचाव करते थे... उनके इस्तीफे के पीछे कौन और क्या है, यह देश को पता होना चाहिए..."
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर खरगे ने कहा कि इतिहास को उल्टा लिख रहे हैं... वह जवाहरलाल नेहरू द्वारा लिखित पुस्तक 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' को खारिज करते हैं और यूनिवर्सिटीज में हमारे इतिहास के प्रोफेसरों द्वारा कही गई बातों को भी खारित करते हैं। आरएसएस का इतिहास देश के इतिहास से अलग है।
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने मंगलवार को दावा किया कि उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर पीएम मोदी के सोशल मीडिया 'पोस्ट' से 'इस्तीफे की राजनीतिक प्रकृति' का पता चलता है। गोगोई ने अपने 'पोस्ट' में कहा, ''पीठासीन अधिकारी की भूमिका में और इस्तीफा देने के दौरान, दोनों में एक संवैधानिक पद की गरिमा को बनाए रखा जाना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी के ट्वीट से इस्तीफे की राजनीतिक प्रकृति का पता चला है।''
