देश

CM विजय का पहला मास्टरस्ट्रोक, शपथ लेते ही सबसे पहले इन तीन फैसलों पर किए हस्ताक्षर

तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नए युग का सूत्रपात हुआ है। 60 सालों से चले आ रहे द्रविड़ किलों को ढहाकर सुपरस्टार से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की कमान संभाल ली है। शपथ लेते ही विजय ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं और उन फाइलों पर हस्ताक्षर किए हैं जो सीधे आम जनता और सुरक्षा से जुड़ी हैं।

Image

सीएम विजय के पहले 3 बड़े फैसले

Photo : Times Now Digital

तमिलनाडु की सत्ता के शिखर पर आज 'थलपति' का राज्याभिषेक हुआ। अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने रविवार को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही विजय ने जनता से किए वादों को निभाना शुरू कर दिया है। उन्होंने सबसे पहले तीन महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर कर अपनी सरकार की प्राथमिकताएं तय कर दी हैं।

विजय के पहले 3 बड़े फैसले

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय ने जिन फाइलों पर अपनी पहली कलम चलाई, वे इस प्रकार हैं:

200 यूनिट मुफ्त बिजली: घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश।

ड्रग्स के खिलाफ जंग: राज्य से नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का गठन।

महिला सुरक्षा: महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित विशेष बल बनाने की मंजूरी।

मंच पर थे राहुल गांधी

शपथ ग्रहण समारोह की सबसे खास बात रही विपक्षी एकजुटता और विजय की राष्ट्रीय स्वीकार्यता। कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी विशेष रूप से इस समारोह में शामिल होने चेन्नई पहुंचे। मंच पर विजय और राहुल गांधी के बीच जबरदस्त गर्मजोशी और तालमेल देखने को मिला। विजय ने समारोह के अंत में राहुल गांधी और अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ एक यादगार 'सेल्फी' भी ली।

सादा परिधान और ऐतिहासिक शपथ

तमिलनाडु की पारंपरिक राजनीति में जहां सफेद धोती-कुर्ता का चलन रहा है, वहीं विजय और उनकी कैबिनेट ने एक नया ट्रेंड सेट किया। विजय सफेद शर्ट, डार्क पैंट और ब्लेजर में नजर आए। उन्होंने ईश्वर के नाम पर शपथ ली, जो कि पिछली द्रविड़ सरकारों, जो अक्सर नास्तिकता या धर्मनिरपेक्षता के आधार पर शपथ लेती थीं से अलग था। राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने उन्हें और उनके 9 मंत्रियों को शपथ दिलाई।

तृषा कृष्णन भी रहीं मौजूद

विजय के माता-पिता एस.ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर अपने बेटे को इस ऊंचाई पर देख भावुक हो गए। शोभा ने कहा, "विजय इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाएगा, मुझे उस पर पूरा भरोसा है।" फिल्म इंडस्ट्री से विजय की करीबी दोस्त और अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी इस ऐतिहासिक पल की गवाह बनीं। अपने पहले संबोधन में विजय ने विनम्रता के साथ कहा, "मैं किसी शाही वंश से नहीं आता। लोगों ने मुझे स्वीकार किया है और प्यार दिया है। मैं कभी भी झूठे वादों से जनता को धोखा नहीं दूंगा।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article