देश

Terrorist Encounter in Jammu and Kashmir: डोडा में सुरक्षाबल और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़, एक आतंकी हुआ ढेर

Jammu Kashmir Terror Attack: डोडा जिले के एक वन क्षेत्र में बुधवार को जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। धिकारियों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी जारी थी। उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए सेना का एक हेलीकॉप्टर भी इलाके में चक्कर लगाते नजर आया है।

Image

डोडा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jammu Kashmir Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के एक वन क्षेत्र में बुधवार को जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी जिले में 11 और 12 जून को हुए दोहरे आतंकवादी हमले के बाद पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा गहन तलाशी और घेराबंदी अभियान चलाया जा रहा था। इसी तलाशी अभियान के दौरान सुबह नौ बज कर 50 मिनट पर गंडोह क्षेत्र के बजाद गांव में गोलीबारी शुरू हुई।

चत्तरगल्ला में एक संयुक्त जांच चौकी पर 11 जून को आतंकियों के हमले में छह सुरक्षा कर्मी घायल हो गए थे, जबकि अगले दिन गंडोह क्षेत्र के कोटा टॉप पर आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। दोहरे आतंकी हमले के बाद से ही घाटी में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिया है। उन चार आतंकवादियों पर पांच-पांच लाख रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया गया है जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वे घुसपैठ के बाद जिले में सक्रिय हैं।

निगरानी के लिए सेना का हेलीकॉप्टर भी तैनात

अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों की मदद से पुलिस ने सिनू पंचायत गांव में आंतकवादियों के खिलाफ अभियान चलाया, लेकिन एक ढोक (मिट्टी के घर) में छिपे आतंकवादियों की ओर से भारी गोलीबारी की गई। एक आतंकी ने बाहर आकर सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। तभी सुरक्षाबलों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। अधिकारियों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी जारी थी। उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए सेना का एक हेलीकॉप्टर भी इलाके में चक्कर लगाते नजर आया है। इसी बीच, अधिकारियों ने बताया कि राजौरी जिले के चिंगस इलाके के पिंड गांव से एक चीनी हथगोला बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों के गश्ती दल ने मंगलवार शाम को यह ग्रेनेड बरामद किया।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article