देश

ईरान को लेकर ट्रंप के तेवर पड़े नरम, शशि थरूर बोले- तेहरान में नहीं बढ़ रहा तनाव; पर 100 फीसदी...

Iran Unrest: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर ने रविवार को ईरान की मौजूदा स्थितियों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि ईरान की स्थिति को लेकर कुछ सकारात्मक संकेत सामने आ रहे हैं। थरूर ने यह भी माना कि इंटरनेट बंद होने की वजह से दुनिया को ईरान की 100 फीसदी जानकारी नहीं मिल पा रही है।

Image

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Iran Unrest: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर ने रविवार को ईरान की मौजूदा स्थितियों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि ईरान की स्थिति को लेकर कुछ सकारात्मक संकेत सामने आ रहे हैं और सरकार ने प्रदर्शनकारियों की फांसी रद्द कर दी है।

ईरान में इंटरनेट बंद

तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए थरूर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपने रुख में नरमी दिखाई है और फिलहाल ईरान पर किसी भी तरह के हवाई हमले की योजना को टाल दिया है। उन्होंने कहा, ''लोगों को निकाला जा रहा है। जहां तक मुझे पता है, तनाव बढ़ नहीं रहा है। हालांकि, इंटरनेट बंद होने के कारण हमें ईरान से पूरी और सटीक जानकारी नहीं मिल पा रही है। इसके बावजूद दो अच्छी संकेत मिले हैं- अधिकारियों ने 800 से ज्यादा लोगों की फांसी रद्द कर दी है जिसका ऐलान उन्होंने पहले किया था। यह बहुत बढ़िया बात है।''

थरूर ने क्या कुछ कहा

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, थरूर ने आगे कहा कि यह इस बात का भी संकेत हो सकता है कि इलाके में जो तनाव बढ़ा था, वह अब कम हो रहा है। उन्होंने कहा, "और मिस्टर ट्रंप ने भी कहा है कि वह फिलहाल किसी भी हमले को रोक रहे हैं। मुझे लगता है कि कुछ मायनों में यह एक उम्मीद की किरण है कि हम तनाव कम होते देखेंगे।''

उन्होंने आशंका जताई कि यदि हालात बिगड़ते हैं तो पड़ोसी देशों, खासकर खाड़ी देशों पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है, जिसमें शरणार्थियों की समस्या भी शामिल है। ऐसे में कोई भी देश नहीं चाहेगा कि स्थिति नियंत्रण से बाहर जाए।

'सभी को शांति और स्थिरता की चाहत'

थरूर ने कहा, ''कोई भी देश युद्ध नहीं चाहता। सभी शांति और स्थिरता चाहते हैं, लेकिन साथ ही इस बात की चिंता भी है कि अगर हालात बिगड़े तो उसके भू-राजनीतिक परिणाम गंभीर हो सकते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि शायद हम उस मोड़ पर पहुंच चुके हैं, जहां से हालात बेहतर हो सकते हैं। हालांकि, हमें देखना होगा।

हालांकि, थरूर ने यह भी माना कि इंटरनेट बंद होने की वजह से दुनिया को ईरान की 100 फीसदी जानकारी नहीं मिल पा रही है, लेकिन व्हाइट हाउस की भाषा में नरमी आना अपने आप में एक बड़ा संकेत है... रिपोर्ट्स हैं कि सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कम हो रहे हैं और फांसी रोक दी गई है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article