Tamil Nadu Vidhan Sabha Chunav 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। राज्य के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन (MK Stalin) ने हार स्वीकार कर ली है और जनता के फैसले को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि वे लोगों के जनादेश को सिर झुकाकर स्वीकार करते हैं और विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हैं। स्टालिन ने अपने बयान में पिछले पांच साल के कामकाज का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कई विकास कार्य किए और लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाईं। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव में उन्होंने अपने काम के आधार पर ही वोट मांगे थे।
TVK का रहा चौंकाने वाला प्रदर्शन
साथ ही उन्होंने तमिलनाडु के लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके गठबंधन को समर्थन दिया। इस चुनाव में सबसे बड़ा चौंकाने वाला प्रदर्शन तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) का रहा। अभिनेता विजय की इस नई पार्टी ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, TVK ने कई सीटों पर जीत हासिल की और कई पर बढ़त बनाई। स्टालिन के लिए एक और बड़ा झटका यह रहा कि वे अपनी पारंपरिक सीट कोलाथुर से भी चुनाव हार गए।
वीएस बाबू ने एमके स्टालिन का हराया
TVK के उम्मीदवार वीएस बाबू ने उन्हें करीबी मुकाबले में हरा दिया। यह पहली बार है जब स्टालिन इस सीट से हार गए हैं, जो राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। हालांकि हार के बावजूद स्टालिन ने साफ कहा कि उनकी पार्टी डीएमके आगे भी सक्रिय रहेगी और अब एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने चुनाव में मेहनत की। कुल मिलाकर अगर कहें तो तमिलनाडु की राजनीति में यह चुनाव एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है। जहां एक ओर नई पार्टी का उभार हुआ है, वहीं पुरानी पार्टियों के लिए यह आत्ममंथन का समय है।
