Congress President Election: कांग्रेस पार्टी को आज अपना नया अध्यक्ष मिलेगा। आज अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव की मतगणा होगी, जिसके बाद 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष बनेगा। मतगणना आज सुबह 10 बजे से शुरू होगी। मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। देश के सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियां कांग्रेस मुख्यालय लाई गईं हैं और इन्हें स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है।
कांग्रेस को आज मिलेगा अपना नया अध्यक्ष
मतगणना के मौके पर अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवारों के एजेंट के अलावा उनके समर्थक भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचेंगे। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 9500 डेलीगेट्स ने सोमवार को पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदान किया था।
खड़गे या थरूर में से कोई एक बनेगा पार्टी का अध्यक्ष
मतदान के बाद कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने सोमवार को बताया था कि करीब 96 प्रतिशत मतदान हुआ। मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) और शशि थरूर (Shashi Tharoor) इस चुनाव में उम्मीदवार हैं। गांधी परिवार से करीबी और कई वरिष्ठ नेताओं के समर्थन के चलते खड़गे की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में सोमवार को छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। वहीं कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष के सामने सबसे पहली चुनौती राजस्थान में जारी खींचतान को सुलझाना और मुख्यमंत्री के मुद्दे को सुलझाना होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट दोनों ही जोर दे रहे हैं।
अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। इस बार पूरे 22 सालों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है। इस चुनाव से 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा। इससे पहले सीताराम केसरी गैर-गांधी अध्यक्ष रहे थे। (एजेंसी इनपुट के साथ)
