Surat Fire news: सूरत के सचिन रोड पर स्थित स्पेशल इकोनॉमिक जोन SEZ में भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी की बंद पड़ी ज्वेलरी कंपनी 'फायर स्टार डायमंड' में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिसमें कई महत्वपूर्ण फाइल और दस्तावेज जलकर खाक हो गईं। गुरुवार देर रात कंपनी के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी थी, जो धीरे-धीरे पहली मंजिल तक फैल गई।
सचिन नोटिफाइड फायर विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का दावा किया था। हालांकि, शुक्रवार को अचानक आग फिर से भड़क उठी और देखते ही देखते धुएं के काले गुबार आसमान में छा गए। सूचना मिलते ही सूरत नगर निगम के दमकल विभाग का काफिला मौके पर पहुंचा और करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
कंप्यूटर, फर्नीचर, तिजोरी, मशीनें सब जलीं
इस भीषण आग में कंपनी के ऑफिस की महत्वपूर्ण फाइलें, एसी, कंप्यूटर, फर्नीचर, तिजोरी, मशीनें, वायरिंग और स्टोरेज में रखा गया सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि या चोटिल होने की खबर नहीं है।
ED ने सील कर रखी थी कंपनी
नीरव मोदी की यह कंपनी पिछले कई वर्षों से ED द्वारा सील की गई है। इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं । कंपनी का बिजली कनेक्शन और अन्य सुविधाएं सालों से कटी हुई हैं, फिर भी आग लगना रहस्यमयी माना जा रहा है।
हादसा या साजिश
चर्चा है कि क्या यह महज एक हादसा है या किसी गहरी साजिश के तहत महत्वपूर्ण दस्तावेजों और सबूतों को नष्ट करने के लिए जानबूझकर आग लगाई गई है? SEZ जैसे कड़े सुरक्षा वाले क्षेत्र में कंपनी के गेट और खिड़कियां टूटी हुई पाई गईं, जिससे यह सवाल उठता है कि सील बंद कंपनी में कौन घुसा था? पूरे मामले की जांच अभी चल रही है जांच के बाद सच सामने आएगा कि शाजिश की गई या हादसा होने से आग लगी थी।
