देश

Manish Sisodia case: SC से भी सिसोदिया को लगा झटका, नहीं मिली जमानत; कहा- HC जाइए

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 28, 2023, 05:20 PM IST

Manish Sisodia case: मनीष सिसोदिया को रविवार को कई घंटों की पूछताछ के बाद सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सिसोदिया को पांच दिनों के लिए सीबीआई की रिमांड में भेज दिया था। जिसके बाद सिसोदिया ने राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

Image

मनीष सिसोदिया मामले सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

Photo : PTI

Manish Sisodia case: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बेल के लिए मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। जहां उन्होंने अपनी याचिका में सीबीआई जांच और गिरफ्तारी की चुनौती देते हुए जमानत की मांग की थी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए सिसोदिया को हाईकोर्ट जाने की सलाह दे दी।

क्या कहा कोर्ट ने

सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की याचिका पर विचार करने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वो जमानत के लिए यहां सीधे क्यों आए, उन्हें हाईकोर्ट जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ मामले में दखल देने से सीधे इनकार कर दिया। मुख्य न्यायाधीश ने कहा- "यह भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के बारे में है। विनोद दुआ का मामला बहुत अलग था, यह एक भ्रष्टाचार का मामला है। उच्च न्यायालय जाइए।"

दिया था विनोद दुआ केस का हवाला

मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को शराब नीति मामले में जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सिसोदिया के वकील अभिषेक सिंघवी ने सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान विनोद दुआ मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला दिया था। उन्होंने जमानत के लिए उसी का आधार बनाया था।

लगे हैं गंभीर आरोप

सिसोदिया को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश), 477 ए (धोखाधड़ी करने का इरादा) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत गिरफ्तार किया गया था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने उन्हें नई आबकारी नीति तैयार करने और लागू करने में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के सिलसिले में रविवार को तलब किया था। जिसके बाद आप नेता को आठ घंटे से अधिक समय की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article