देश

Sudha Murthy: सुधा मूर्ति ने राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ, पति नारायण मूर्ति भी रहे मौजूद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 14, 2024, 05:01 PM IST

Sudha Murthy: सुधा मूर्ति को महिला दिवस के मौके पर राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था। सुधा मूर्ति देश की जानी-मानी समाजसेविका होने के साथ-साथ लेखिका भी हैं। सुधा मूर्ति को साल 2023 में राष्ट्रपति ने उनके सामाजिक कार्यों के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया था।

Image

सुधा मूर्ति ने ली राज्यसभा सदस्य की शपथ

Photo : Twitter

Sudha Murthy: समाजसेविका सुधा मूर्ति ने गुरुवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने संसद भवन स्थित अपने कक्ष में उन्हें शपथ दिलाई। इस मौके पर सुधा मूर्ति के पति व इंफोसिस के फाउंडर एन आर नारायण मूर्ति व पीयूष गोयल भी मौजूद रहे। बता दें, इन्फोसिस फाउंडेशन की पूर्व अध्यक्ष सुधा मूर्ति को बीते शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था।

सुधा मूर्ति देश की जानी-मानी समाजसेविका होने के साथ-साथ लेखिका भी हैं। सुधा मूर्ति को साल 2023 में राष्ट्रपति ने उनके सामाजिक कार्यों के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया था। इससे पहले साल 2006 में उन्हें पद्मश्री से नवाजा गया था। सुधा मूर्ति ने विभिन्न शैलियों में 30 से अधिक किताबें लिखी हैं।

पीएम मोदी ने दी थी जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 मार्च को महिला दिवस के मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए जानकारी दी थी कि सुधा मूर्ति को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उच्च सदन के लिए मनोनीत किया है। पीएम मोदी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा था, मुझे खुशी है कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुधा मूर्ति को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। सुधा जी का सामाजिक कार्य, परोपकार और शिक्षा सहित विविध क्षेत्रों में योगदान अतुलनीय और प्रेरणादायक रहा है। राज्यसभा में उनकी उपस्थिति हमारी 'नारी शक्ति' का एक शक्तिशाली प्रमाण है, जो हमारे देश की नियति को आकार देने में महिलाओं की ताकत और क्षमता का उदाहरण है। मैं उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना करता हूं।

टाटा इंजीनियरिंग के साथ काम करने वाली पहली महिला इंजीनियर

सुधा मूर्ति व्यावसायिक वाहन बनाने वाली कंपनी टाटा इंजिनीयरिंग एंड लोकोमोटिव कंपनी लिमिटेड (टेल्को) के साथ काम करने वाली पहली महिला इंजीनियर थीं। इन्फोसिस शुरू करने के लिए उन्होंने अपने पति को अपनी आपातकालीन निधि से 10,000 रुपये दिए थे, जिसका अब बाजार पूंजीकरण 80 बिलियन अमरीकी डॉलर से अधिक है। उनकी बेटी अक्षता की शादी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से हुई है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article