देश

छात्रों को प्रधानमंत्री की माफी नहीं बल्कि इनको चाहिए...', पेपर लीक विवाद पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश में बार-बार हो रहे पेपर लीक, रद्द होती परीक्षाओं और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सालों की मेहनत रातों-रात बर्बाद हो रही है और सरकार छात्रों से ईमानदारी की उम्मीद करती है जबकि पूरी प्रणाली ही पारदर्शी नहीं है।

Image

राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तंज

Photo : PTI

देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों और अचानक रद्द होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर करारा हमला बोला। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश का मौजूदा शिक्षा ढांचा पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक भावुक और तीखी पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपने बच्चे का दुख देखना दुनिया का सबसे बड़ा कष्ट होता है। जब भी कोई युवा हताश होकर अपनी जान गंवाता है, तो उसके पीछे एक पूरा परिवार टूट जाता है। इसके साथ ही यह हमारी पूरी शिक्षा प्रणाली की विफलता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

'ईमानदार छात्रों के साथ बेईमान सिस्टम'

राहुल गांधी ने परीक्षाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि महीनों और सालों की कड़ी तैयारी एक ही रात में रद्द हो जाती है। पेपर लीक हो रहे हैं और परीक्षाएं अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी जाती हैं। हमारे देश के मासूम छात्रों से कहा जाता है कि वे ईमानदारी से मेहनत करें, लेकिन उन्हें एक ऐसे सिस्टम में ढकेल दिया जाता है जो खुद उनके साथ बिल्कुल ईमानदार नहीं है।

'पीएम मोदी को मांगनी चाहिए माफी'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री छात्रों को 'माफ करने' की बातें करते हैं, लेकिन उन्होंने आज तक उस एक भी छात्र से मुलाकात नहीं की जिसका भविष्य इन घोटालों की वजह से बर्बाद हुआ है। उन्होंने न ही उन पीड़ित परिवारों का दर्द समझा है जिनकी जीवनभर की कमाई इन परीक्षाओं की तैयारी में डूब गई।

राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत के छात्रों को प्रधानमंत्री की किसी तरह की माफी या सांत्वना की जरूरत नहीं है, बल्कि देश के युवाओं से प्रधानमंत्री को खुद माफी मांगनी चाहिए। गौरतलब है कि देश भर में पेपर लीक और परीक्षा घोटालों पर बढ़ते जनआक्रोश के बीच संसद ने सख्त कानून भी पारित किए हैं, लेकिन विपक्ष का मानना है कि प्रशासनिक जवाबदेही तय किए बिना केवल कानून बनाने से जमीनी हालात नहीं बदलेंगे।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें